मारपीट करने वालों ने पुलिस पर भी किया था पथराव, 34 गिरफ्तार
Pratapgarh-kunda News - रानीगंज में बच्चों के बीच क्रिकेट खेल को लेकर विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें पुलिस भी शामिल रही। चार थाने की पुलिस और पीएसी ने 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी पर बलवा...
रानीगंज, हिन्दुस्तान संवाद। बच्चों के बीच क्रिक्रेट खेलने को लेकर हुए विवाद के चलते आमने-सामने हुए दो पक्षों के बीच पथराव के दौरान पुलिस के पहुंचने पर भी लोग शांत नहीं हुए। वे पुलिस पर भी पथराव करने लगे। चार थाने की फोर्स, पीएसी के साथ पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति संभाली और घेराबंदी कर दोनों पक्ष से 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ बलवा, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर जोगियान निवासी शाहरुख खान और मो. मुस्तफा के घर के बच्चों के बीच एक माह पहले क्रिकेट खेलने के दौरान मारपीट हो गई थी।
उस समय शाहरुख के घर के बच्चों को पीटा गया था। तीन दिन पहले दूसरे पक्ष के बच्चे पीट दिए गए। इसे लेकर दोनों पक्ष के लोग शनिवार शाम आमने-सामने हो गए। विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष के 50-60 लोग घरों की छत से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, रॉड, सब्बल से हमला कर दिया। सूचना पर रानीगंज पुलिस पहुंची लेकिन लोग शांत नहीं हुए। वे पुलिसकर्मियों पर भी पथराव करने लगे। जानकारी मिलते ही सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के साथ ही फतनुपर, मानधाता, देहात कोतवाली पुलिस, दो सेक्शन पीएसी और एएसपी पूर्वी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मालमे में थाने के एसआई अश्वनी कुमार पटेल ने दोनों ओर से 41 लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले, बलवा का केस दर्ज कराया। मौके से गिरफ्तार रामनगर के ताज मोहम्मद, मो. रफीक, ताजुद्दीन, दरोगा अली, अमन अली, रईश अहमद, अली अहमद, महफूज खान, मुन्ने, जावेद, सगीर अहमद, मो. दिलशाद, इरशाद अली, सलीम, मुसीम, मुमताज अली, मो. शेबू, मो. हनीफ, अरबाज, मो. नईम, अफरुद्दीन, सलमान, मो. शहजाद, शाहिद, मो. इमरान, सहजाद खान, मो. साहिल, अमजद, शाहपुर के कैफ हुसैन, प्रयागराज बहरिया भनेवरा के मो. नसीम, तिलई के मो. फिरोज, जौनपुर सुजानगंज मड़ियाही के जावेद, पश्चिम बंगाल उत्तर दिनाजपुर बागसोई रायगंज के अबू और छत्तीसगढ़ दुर्ग उतई गाराडीह के सरफुद्दीन को जेल भेज दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।