परिवार में तीसरी पीढ़ी के सैन्य अफसर बने आर्यन
Prayagraj News - प्रयागराज के तेलियरगंज निवासी आर्यन दुबे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। वे अपने दादा और पिता की तरह तीसरी पीढ़ी के अफसर हैं। आर्यन ने आर्मी पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की और एनडीए के जरिए सेना में...
प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। प्रयागराज के तेलियरगंज निवासी आर्यन दुबे भारतीय सैन्य अकादमी से पास आउट होकर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए है। आर्यन दुबे परिवार की तीसरी पीढ़ी के अफसर हैं। लेफ्टिनेंट बनने के बाद शनिवार को प्रयागराज आए तो उनका भव्य स्वागत किया गया। आर्यन का परिवार तेलियरगंज के जोंधवल में रहता था। आर्यन ने आर्मी पब्लिक स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। इसके बाद एनडीए के जरिए सेना में पहुंचे और अफसर बन गए। आर्यन अपने दादा और पिता की तरह सेना में अफसर बनना चाहते थे। दादा और पिता की प्रेरणा से आर्यन ने आर्मी पब्लिक स्कूल से पढ़ाई शुरू की और सेना में अफसर बनने का सपना संजोए आगे बढ़े।
आर्यन के दादा और पिता पाकिस्तान के खिलाफ यु्द्ध लड़ चुके हैं। 1998 में कर्नल के पद से सेवानिवृत्त आर्यन के दादा एसआर दुबे ने 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में भाग लिया। युद्ध में वेस्टर्न सेक्टर में भारतीय सेना की तरफ से दुश्मन सेना के छक्के छुड़ा दिए। सेवानिवृत्त होने के बाद आर्यन के दादा जोंधवल में परिवार के साथ रहते हैं। आर्यन के पिता राहुल दुबे ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ओर से युवा जवान के तौर पर भाग लिया। प्रयागराज के ईएमई में कर्नल के पद पर तैनात राहुल दुबे ने कारगिल युद्ध के बाद आपरेशन पराक्रम में सेना का नेतृत्व किया। बेटे के अफसर बनने पर राहुल ने कहा कि आर्यन ने परिवार की परंपरा को कायम रखा। आर्यन के लेफ्टिनेंट बनने पर बहुत खुशी हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।