नेहा रुबाब ने एक बार फिर रोशन किया प्रयागराज का नाम
Prayagraj News - प्रयागराज में साहित्य अकादमी ने युवा पुरस्कार 2025 के लिए 23 युवाओं का चयन किया है। करेली की नेहा रुबाब को उर्दू उपन्यास 'मजहरुल हक' के लिए चुना गया है। उन्हें 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। नेहा...

प्रयागराज। साहित्य अकादमी ने बुधवार को प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार-2025 के नामों की घोषणा कर दी। इस वर्ष 23 युवाओं को अलग-अलग भाषाओं के लिए चयनित किया गया है। जिसमें करेली निवासी व इलाहाबाद विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग की शोध छात्रा नेहा रुबाब के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। नेहा को उर्दू भाषा के अंतर्गत उपन्यास ‘मजहरुल हक : तारीक-ए-आजादी-ए हिंद : हिंद का फरामोश कर्दा कायद के लिए चुना गया है। इसकी पुरस्कार राशि 50 हजार रुपये है। नेहा उर्दू विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. शबनम हामिद के निर्देशन में शोध किया है और एक महीने पहले अपनी थीसिस जमा कर चुकी हैं।
उन्हें 26 जनवरी को इविवि में इसी वर्ष शुरू किए गए बेस्ट रिसर्च स्कॉलर के अवार्ड से कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सम्मानित किया था। वर्ष 2022 में नेहा को पीएम युवा लेखक सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। इसके लिए पूरे देश से 75 युवाओं को चुना गया था। उन्हें यह सम्मान राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परिचर्चा कार्यक्रम में प्रदान किया था। इसके अंतर्गत उन्हें छह महीने तक प्रतिमाह 50 हजार रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की गई थी। नेहा वर्तमान में नेशनल काउंसिल फॉर प्रमोशन ऑफ उर्दू लैंग्वेज में रिसर्च असिस्टेंट पद पर कार्यरत हैं। युवा पुरस्कार के लिए चयनित होने पर खुशी जाहिर करते हुए नेहा ने बताया कि यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए मैंने निरंतर परिश्रम किया है। यह पुरस्कार जीवन में और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।