लखनऊ में SUDA के प्रोजेक्ट मैनेजर और रिटायर्ड IAS के बेटे ने लगा ली फांसी, घर में फंदे से लटका मिला शव
राजधानी लखनऊ में SUDA के प्रोजेक्ट मैनेजर और रिटायर्ड IAS के बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव घर में फंदे पर लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

राजधानी लखनऊ में इंदिरा नगर बी ब्लॉक में सूडा के प्रोजेक्ट मैनेजर सुधाकांत मिश्रा (59) ने शनिवार रात घर में फांसी लगा ली। उनका शव फंदे पर लटका मिला। वह रिटायर्ड आईएएस मंगला प्रसाद के बेटे थे। सुधाकांत काफी समय से डिप्रेशन में चल रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंची गाज़ीपुर पुलिस ने शव को कब्जे लिया। इसके बाद पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंदिरा नगर बी ब्लॉक निवासी कार्तिकेय मिश्रा ने बताया कि पिता सुधाकांत मिश्रा सूडा के प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि पिता सुधाकांत मिश्रा कई वर्ष से डिप्रेशन में थे। उनका इलाज भी चल रहा था। पिता सुधाकांत तीन माह बाद रिटायर होने वाले थे। कार्तिकेय के मुताबिक, शनिवार को वह अपनी सास को देखने अस्पताल गए थे। घर पर पिता सुधाकांत और मां इंदिरा ही थीं।
रात में वह अस्पताल से घर पहुंचे तो पिता के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मां दूसरे कमरे में लेटी थीं। पिता को कई बारआवाज दी। दरवाजा खटखटाया। इसके बावजूद पिता ने दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांक कर देखा तो पिता सुधाकांत फांसी फंदे से लटके हुए थे। दरवाजा तोड़कर भीतर गए पिता को फंदे से उतारकर पास स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर गाजीपुर के बताया, जानकारी होने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने ने बताया कि अभी तो तनाव के चलते फांसी लगाने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।