बाबा साहेब का अखिलेश यादव ने किया अपमान: भूपेंद्र सिंह
Saharanpur News - भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने बाबा साहेब की तस्वीर काटकर अपनी तस्वीर लगाई, जिससे दलित...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाबा साहेब का फोटो काटकर साथ में अपना फोटो लगा लिया। उन्होंने न सिर्फ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर अपमान किया बल्कि दलित समाज की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई है। महापुरुषों का अपना करना समाजवादी पार्टी का चरित्र है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को आतंकियों और पाकिस्तान से सहानभूति है। इसके साथ ही पहलगाम की घटना पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार और सेना आतंकी हमले का करारा जवाब देगी। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह बुधवार को सहारनपुर पहुंचे।
इससे पूर्व उन्होंने सर्किट हाऊस में पत्रकार वार्ता कर सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवन समानता और दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा, जबकि अखिलेश अपनी परिवारिक विरासत और जातिवाद की राजनीति से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। बाबा साहेब से खुद की तुलना कर अखिलेश ने डॉ. आंबेडकर के संघर्ष और उनकी विचारधारा का अपमान किया है। वोट बैंक बढ़ाने के स्वार्थ में अखिलेश ने देश के करोड़ों दलितों की भावनाओं का आहत किया है। इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजम खान ने तो बाबा साहेब के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। महापुरुषों का अपमान करना सपा का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार देश व प्रदेश को तेजी से आगे लेकर बढ़ रही है। आज देश और प्रदेश तरक्की कर रहा है। पहलगाम में हुई घटना को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार और सेना इस हमले का बदला लेगी। आतंकियों और उनके आकाओं को उनकी भाषा में जवाब दिया जाएगा। इस दौरान विधायक राजीव गुंबर, देवेंद्र निम, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।