स्वास्थ्य सखी बनेंगी गर्भवती महिलाओं की रहनुमा, गांव-गांव पहुंचाएंगी सेहत की सीख
Sambhal News - संभल। अब गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को सेहत की जरूरी बातें बताने का काम स्वास्थ्य सखियां करेंगी। जिले के सभी आठ ब्लॉकों से 240 महिलाओं को स्वास्थ्य

अब गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को सेहत की जरूरी बातें बताने का काम स्वास्थ्य सखियां करेंगी। जिले के सभी आठ ब्लॉकों से 240 महिलाओं को स्वास्थ्य सखी के रूप में चयनित किया गया है। इन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी कि वे गांवों में जाकर महिलाओं को खानपान, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दें। इन स्वास्थ्य सखियों का चयन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं में से किया गया है, जो पहले से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। अब ये सखियां आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों या गांव के सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को एकत्र कर उन्हें गर्भावस्था के दौरान और किशोरावस्था में जरूरी देखभाल की जानकारी देंगी।
खास फोकस: गर्भवती और किशोरी बालिकाएं संभल। इन सखियों का मुख्य ध्यान गर्भवती महिलाओं के पोषण, समय पर जांच, आयरन व टीकाकरण पर रहेगा। साथ ही किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, सही खानपान और मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूक किया जाएगा। जिला स्वास्थ्य विभाग की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इससे ना सिर्फ मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित ब्लॉक के अधिकारी इन सखियों के कार्यों की नियमित निगरानी करेंगे। इसके अलावा समय-समय पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण और फीडबैक सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं तक सही और प्रभावी जानकारी पहुंच सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।