धूप-उमस के बाद बदला मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी से मिली राहत
Sambhal News - जनपद में मौसम में तेजी से बदलाव आया है। मंगलवार सुबह चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर में बादलों के आगमन के साथ हल्की बारिश ने राहत दी। हालांकि, किसानों को मक्का की फसल के लिए चिंता...

जनपद में बीते कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मंगलवार को भी मौसम ने सुबह और शाम के अलग-अलग रंग दिखाए। सुबह जहां चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया, वहीं दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में काले बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। ठंडी हवाओं के साथ मौसम कुछ समय के लिए सुहाना हो गया। जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत मिली। मंगलवार की सुबह जैसे ही सूरज निकला, वैसे ही तेज धूप और उमस भरी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
बाजारों से लेकर गलियों तक लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। जरूरी कार्यों से बाहर निकले लोगों के चेहरों पर पसीने की लकीरें साफ देखी जा सकती थीं। घरों और दुकानों में पंखे-कूलर भी गर्म हवाओं के सामने बेअसर दिखे। करीब तीन बजे दोपहर में अचानक मौसम ने रुख बदला और आसमान में घने काले बादल छा गए। कुछ ही देर में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। गर्मी से तप रहे लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। हवा की रफ्तार बढ़ने से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि आम जनमानस को भले ही इस बदलाव से राहत मिली हो, लेकिन किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। खासकर वे किसान जो मक्का की फसल की कटाई में लगे हैं। ग्रामीण इलाकों में मक्का के खेतों में फसल तैयार खड़ी हैं। जबकि काफी संख्या में किसानों की मक्का सड़कों, खेतों व मैंदानों में सूख रही है। ऐसे में मौसम का मिजाज बदलने पर किसानों ने मक्का को इक्कठा करना शुरू कर दिया। यदि तेज बारिश हो गई तो किसानों को नुकसान होने की आशंका है। किसानों ने बताया कि अभी बड़ी मात्रा में मक्का खेतों में ही है और लगातार बदलते मौसम के कारण उसकी कटाई में तेजी लाई जा रही है। हल्की बारिश तो नुकसान नहीं करेगी, लेकिन यदि तेज बारिश हो गई तो मक्का का दाना काले पड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बारिश की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।