महिला ने बीमा राशि के सात लाख रुपये हड़पने लगाया आरोप
Sambhal News - रजपुरा के ग्राम मुठैना की निवासी ववीता शर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायत दी है कि उनके पति की मौत के बाद बीमा राशि का पैसा सत्यपाल सिंह यादव ने हड़प लिया। ववीता का कहना है कि बीमा के लिए दस्तावेजों पर...

रजपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मुठैना की निवासी ववीता शर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 2015 से कैंसर से पीड़ित उनके पति मानक चंद्र का इलाज दिल्ली के जीबी पंत सरकारी अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान गांव के ही सत्यपाल सिंह यादव ने वादा किया कि वह उनके पति का एक बीमा करवाएंगे। जिससे मृत्यु के बाद उन्हें आठ से दस लाख रुपये मिल जाएंगे। बवीता ने बताया कि सत्यपाल सिंह यादव ने बीमा के लिए पति के दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए। साथ ही अपने साथियों अतुल बबराला और ऋषिवोस यादव को भी बुला लाया। पति की मौत के बाद बीमा राशि की प्रक्रिया शुरू हुई और 24 मार्च 2020 को कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस से 7,23,356 बवीता के खाते में जमा हुए, लेकिन सत्यपाल सिंह यादव ने बवीता को बिना जानकारी दिए बैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए और अलग-अलग खातों में पूरा पैसा ट्रांसफर करवा लिया। महिला ने बताया कि 23 मार्च 2020 को शिवहरी शर्मा के खाते से 2 लाख, 24 अप्रैल 2020 को 50 हजार, 4 अप्रैल 2020 को कान्हा एजुकेशन सोसाइटी के खाते में 60 हजार, अतुल बबराला के खाते में 2.5 लाख, ऋषि वोस यादव के खाते में 50 हजार निकाले। इस तरह पूरा बीमा पैसा ववीता से हड़प लिया गया। पीड़िता ने 23 मई 2020 को थाना रजपुरा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन हैरानी की बात है कि अब तक किसी आरोपी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता का आरोप है कि यही गिरोह इसी तरह की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दे चुका है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब इस गंभीर धोखाधड़ी के मामले में ठोस कदम उठाता है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मामले की जांच एएसपी अनुकृति शर्मा को दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।