वर्षों से विकास की बाट जोह रहा है मेंहदावल का थरौली गांव
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के थरौली गांव में विकास की कमी से लोग परेशान हैं। गांव में सड़कें, जल निकासी और सफाई की व्यवस्था बेहद खराब है। बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना...

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। मेंहदावल ब्लाक का थरौली गांव विकास से कोसों दूर है। गांवों के हो रहे समग्र विकास की यह गांव पोल खोल रह है। जिम्मेदारों की उपेक्षा से गांव बदहाली का शिकार बना हुआ है। सड़क, पानी, जल निकासी आदि की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। जगह-जगह फैली गंदगी, जाम नाली, टूटी सड़क गांव की पहचान बनकर रह गई है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि मूलभूत सुविधाएं बहाली के नाम पर धन आने के बाद खर्च हो रहा है। लेकिन गांव की सूरत नहीं बदल रही है। पूर्वी कछार क्षेत्र में स्थित थरौली गांव की हालत बदतर हो गई है।
गांव में सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नही है। मुख्य सड़क से गांव में प्रवेश करते ही सड़कों की बदहाली का सिलसिला शुरू हो जाता है। मुख्य सड़क से गांव में जाने वाली इंटरलॉकिंग सड़क के ईंटे गल चुके हैं। हालात यह हो गया है कि उनमें से निकल कर कंकरीट सड़क पर पसरे हुए हैं। सड़क दाएं व बाएं धंसकर उबड़-खाबड़ रास्ते में तब्दील हो चुकी है। दोनों तरफ बड़े-बड़े झाड़-झंखाड़ उगे हुए हैं। नाली का नामोनिशान नही है। करमैनी-बेलौली बांध से गांव को जाने वाली सीसी सड़क पर बारिश होते ही जलभराव से होकर गुजरना लोगों की मजबूरी हो गई है। कृष्णा पाण्डेय के घर के सामने से होकर जाने वाली इंटरलाकिंग सड़क भी खस्ताहाल है। सड़क पर गंदगी व जलभराव की स्थिति बनी हुई। नाली की हालत दयनीय है। गांव के अंदर जगह-जगह घरों से निकलने वाला कूड़ा-करकट फेंकने से गंदगी को बोलबाला बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना साफ-सफाई व्यवस्था ध्वस्त होने के बाद भी जिम्मेदार विकास व अन्य सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। गांव से सीवान को जाने वाले चकमार्ग पर गंदगी व जलभराव होने से किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए जूझना पड़ रहा है। पंचायत भवन को जोड़ने वाली इंटरलॉकिंग सड़क टूटकर पगड़डी बन गई है। यहां चार पहिया तो दूर, दो पहिया वाहन से पहुंचना भी दूभर हो गया है। गांव में कुछ जगह की सड़क के किनारे नाली का नामोनिशान नही है। अतिक्रमण करके या तो नालियां पाट ली गई हैं या बिना नाली के ही सड़क का निर्माण कर दिया गया है। जगह-जगह बनाई गई नालियां टूटकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गंदगी से पटी हुई हैं। नालियों के चोक होने से घरों का पानी सड़क पर इधर-उधर पसर रहा है। जलनिकासी की समस्या से बरसात होते ही लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। जगह-जगह लगे कूंड़े व गंदगी के ढेर से उठती दुर्गंध का हर समय सभी को सामना करना पड़ रहा है। पेयजल की व्यवस्था की बदहाली से लोगों को स्वच्छ पानी नही मिल पा रहा है। गंदगी से मच्छरों के प्रकोप से लोग परेशान हैं। हालात यह है कि सड़क, पानी, स्वास्थ्य आदि जैसी बुनियादी सुविधाएं ध्वस्त हो गई हैं। गांव में सुविधा के नाम पर एक प्राथमिक विद्यालय है। जिसकी हालत यह है कि बारिश होते ही इसमें बड़ा जलभराव हो जाता है। जल-निकासी की समस्या से आए दिन पसरता रहता है गंदा पानी थरौली गांव की जल निकासी की समस्या प्रमुख समस्याओं में से एक है। नालियों में पटी गंदगी, चोक होने तथा कुछ जगहों पर नालियों के न होने से आए दिन गंदा पानी सड़क पर पसरता रहता है। बारिश होते ही जल निकासी की समस्या बद से बदतर हो जाती है। हालत यह हो जाता है कि लोगों के घरों में गंदा पानी घुसने लगता है। गांव के लोगों ने कहा कि जल निकासी की समस्या से आए दिन गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से हम लोग बुनियादी सुविधाओं की दुर्दशा झेल रहे हैं। पंचायत भवन बाहर से चकाचक, अंदर गंदगी का लगा अंबार गांव में के लोगों को विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी मिल सके, इसके लिए पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है। भवन की रंगाई-पुताई कराने से बाहर यह चकाचक दिखता है। लेकिन अंदर प्रवेश करते ही चारों तरफ गंदगी का भरमार लगा हुआ है। शौचालय व अंदरे बने कमरे, खिड़की में दरवाजा नही है। टूटे फर्श पर जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा हुआ है। फर्श पर जगह-जगह पानी पसरा हुआ है। काफी हिम्मत जुटाने पर ही अंदर घुसा जा सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि बाहर से चकाचक दिखाकर धन का बंदरबांद कर लिया गया। ग्रामीणों की सुविधाओं का ध्यान, विकास प्राथमिकता है। सड़क, नाली, सफाई आदि को लेकर बेहतर तरीके से काम शुरू कराया जाएगा। थरौली गांव विकास में पीछे नही रहेगा। जहां भी कोई समस्या होगी तो उसे दूर कराया जाएगा। विकास को लेकर कोई कोर-कसर नही छोड़ा जाएगा। दीपचंद शर्मा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत थरौली
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।