चार तहसीलों में डेढ़ माह से भूमि नहीं दे पा रहे एसडीएम
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। जनपद के सभी तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय खोला

सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। जनपद के सभी तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय खोला जाएगा। पांच से 10 एकड़ जमीन पर बनने वाले विद्यालय में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई होगी। इसमें डेढ़ हजार विद्यार्थियों को पढ़ाई की सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। विद्यालय खोलने के बारे में महानिदेशक स्कूल शिक्षा का पत्र मिलने के बाद बीएसए शैलेश कुमार ने निशुल्क जमीन के लिए नौगढ़ को छोड़कर सभी एसडीएम को पत्र भेजा है। नौगढ़ तहसील में उस्का बाजार कस्बे में भूमि चिन्हित होने के बाद निर्माण के लिए बजट का आवंटन भी हो गया है। जल्द ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
शेष बांसी, इटवा, शोहरतगढ़, डुमरियागंज तहसीलों में भूमि डेढ़ माह बाद भी एसडीएम के स्तर से नहीं मिल पा रहा है। भूमि मिले तो बजट और भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद प्रत्येक जिले में हर तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल खोल के निर्देश दिए गए हैं। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के अलावा, रोबोटिक्स, मशीन लर्निंग सेंटर के साथ मॉड्यूलर लैब आदि की सुविधा होगी। प्री नर्सरी से लेकर इंटर तक प्रत्येक कक्षा में तीन-तीन सेक्शन होंगे। विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य, शिक्षक संवर्ग व कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन बनाए जाएंगे। यहां स्मार्ट क्लास की व्यवस्था होगी। रोबोटिक्स व मशीन लर्निंग सेंटर के साथ कक्षा एक से कक्षा आठ तक कंपोजिट विज्ञान व गणित लैब बनाई जाएगी। कक्षा नौ से इंटर तक रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान की मॉड्यूलर लैब, कंप्यूटर लैब व लैंग्वेज लैब भी बनाई जाएगी। सभी कक्षाओं के लिए अलग-अलग पुस्तकालय होंगे। खेल का मैदान और ओपन जिम के साथ मल्टीपल एक्टिविटी हॉल भी होगा। सोलर पैनल, वर्षा जल संचयन इकाई स्थापित की जाएगी। वाटर प्लांट, मिडडे मील किचन, डायनिंग हाल, वाशिंग एरिया, हैंड वाशिंग यूनिट की व्यवस्था भी होगी। निजी स्कूलों से बेहतर होंगी सुविधाएं विद्यालय में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, कंप्यूटर, ग्रीन बेल्ट के साथ ही पेयजल, शौचालय, चहारदीवारी, रसोईघर आदि की बेहतर व्यवस्था भी होगी। इन स्कूलों को हाईटेक संसाधन के साथ खेलकूद समेत अन्य सुविधाओं से लैस करते हुए पंजीकृत विद्यार्थियों को शिक्षा निजी स्कूलों से बेहतर मिलेगी। यही नहीं आधुनिक कंप्यूटर ज्ञान के साथ स्क्रीन पर शिक्षण कार्य करने की सुविधा मिलेगी। जहां बच्चों का बौद्धिक विकास होगा। वहीं स्कूल में शिक्षा के साथ संचालित अन्य गतिविधियों से उनके शारीरिक विकास में भी मदद मिलेगी। विद्यालय में बनेंगे 30 कमरे, होगा खेल मैदान प्रस्तावित मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ लगभग 1500 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के लिए 30 कमरे बनाए जाएंगे। इसके साथ खेल मैदान बनाया जाएगा। कौशल विकास के संसाधन विकसित किए जाएंगे। कक्षा 11 व 12 में विज्ञान, कला व वाणिज्य विषयों के लिए कक्षाएं होंगी। बच्चों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की सुविधा देने के लिए स्मार्ट क्लास बनेंगे। इसके साथ आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। नौगढ़ तहसील के लिए पहले से उस्का बाजार में जमीन चिन्हित करने के बाद बजट का भी आवंटन हो चुका है। शेष बांसी, इटवा, शोहरतगढ़, डुमरियागंज तहसीलों में भूमि के लिए सभी एसडीएम को पत्र लिखा गया है। डेढ़ माह पहले पत्र भेजा गया है, अभी तक किसी भी तहसील स्तर से भूमि की उपलब्धता नहीं हो पाई है। - शैलेश कुमार, बीएसए
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।