Farmer Shot Dead in Sonbhadra Police Launch Manhunt for Attackers घर के बाहर चारपाई पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या, Sonbhadra Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSonbhadra NewsFarmer Shot Dead in Sonbhadra Police Launch Manhunt for Attackers

घर के बाहर चारपाई पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या

Sonbhadra News - सोनभद्र, संवाददाता। शाहगंज थाना क्षेत्र के मराची गांव में मंगलवार की रात 12 बजे

Newswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्रWed, 18 June 2025 03:37 PM
share Share
Follow Us on
घर के बाहर चारपाई पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या

सोनभद्र, संवाददाता। शाहगंज थाना क्षेत्र के मराची गांव में मंगलवार की रात 12 बजे के बाद बाइक सवार हमलावरों ने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने तीन लोगों को बाइक से भागते देखा। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटना स्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। शाहगंज थाना क्षेत्र के मराची गांव निवासी 50 वर्षीय अमरनाथ यादव पुत्र बुडुक मंगलवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।

बगल में चारपाई पर उनकी पत्नी और पुत्री भी सो रही थी। पुत्र अनिल छत पर सो रहा था। रात लगभग 12 बजे चारपाई पर सो रहे अमरनाथ को एक हमलावर ने कनपटी से सटाकर गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर बगल में सो रही पत्नी और पुत्री की आंख खुल गई। पति को खून से लथपथ देख पत्नी ने शोर मचाया तो छत पर सो रहा पुत्र अनिल और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उधर हमलावर कुछ दूरी पर बाइक से खड़े अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। तीनों को भागते हुए भी परिजनों ने देखा। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शाहगंज थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाहगंज थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र अनिल यादव की तहरीर पर मंगला गुप्ता निवासी अज्ञात, ओमजी पाठक निवासी उसरी तथा एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।