पहलगाम घटना को लेकर पाकिस्तान को ही क्लीनचीट दे रहे सपा नेता, देवरिया में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमला हुआ। सपा नेताओं ने ऐसा बना दिया, मानो कोई पाकिस्तान का प्रवक्ता बयान दे रहा है। कानपुर के एक युवक की पहलगाम में निर्मम हत्या हो गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमला हुआ। सपा नेताओं ने ऐसा बना दिया, मानो कोई पाकिस्तान का प्रवक्ता बयान दे रहा है। कानपुर के एक युवक की पहलगाम में निर्मम हत्या हो गई। सपा अध्यक्ष ने बयान दिया कि वह हमारे पार्टी का नहीं था। पहलगाम की घटना को लेकर सपा नेता पाकिस्तान को ही क्लीनचीट दे रहे हैं। कांग्रेस व सपा के नेता आपकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सार्वजनिक जीवन में एक लक्ष्मण रेखा होती है। सपा और कांग्रेस इसे पार कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवरिया जिले के देसही देवरिया विकास खंड के ग्राम पड़ियापार स्थित राजकीय महाविद्यालय में 676 करोड़ रुपये की कुल 501 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने देवरिया वासियों को अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देने के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि देवरहा बाबा के पावन धरा को कोटि-कोटि नमन करते हैं। अक्षय तृतीया व भगवान परशुराम जयंती की बधाई देता हूं। संनातन धर्म में अक्षय तृतीया की तिथि अत्यंत पवित्र मानी जाती है। देवरिया जनपद में 2017 के पहले यहां की स्थिति क्या थी? यह आपसे छुपा नहीं है। अराजकता था, गुंडई थी, नौजवान पलायन करता था, किसान आत्महत्या करने को विवश होते थे, गरीब भूखमरी का शिकार होता था। यहां इंसेफेलाइटिस से बच्चे मरते थे। जब कोई पर्व आता था तो हर कोई सशंकित हो जाता था कि पर्व में क्या होगा? दुर्गा पूजा करने की अनुमति मांगने पर उन्हें जेल में डाल दिया जाता था। आज स्थितियां बदली हैं। डबल इंजन की सरकार में यूपी दंगा मुक्त, माफिया मुक्त हुआ है और विकास को गति मिली है। उसी स्पीड को और गति देने को हम यहां आए हैं।
चार मंजिला डिग्री कालेज का उद् घाटन करने हम आए हैं। एक साथ तीन संकायों की कक्षाएं यहां शुरू होंगी। पथरदेवा में डिग्री कालेज में वाणिज्य संकाय शुरू करने की तैयारी हो रही है। कभी आपने कल्पना की थी कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की संस्थाएं बन पाएंगी। पहले इंसेफेलाइटिस पूरे यूपी को ही बीमार बना देता था, यही इसकी पहचान हो गई थी। अब नया भारत अपने विकास से पहचान बना रहा है। आज हमारी पहचान विकास से है। रेलवे, सड़क, एक्सप्रेस वे से हमारी पहचान हो रही है। ग्रीन फिल्ड एक्सप्रेसवे से देवरिया भी जुड़ेगा। गोरखपुर से शामली को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। गोरखपुर से देवरिया से आना होता था, वह सिंगल लेन की सड़क होती थी। आज यह फोरलेन बन रही है। देवरिया से हाटा रोड को चौड़ीकरण करेंगे। देवरिया से कसया तक फोरलेन बनेगा। इस क्षेत्र की पहचान जिन चीजों के लिए थी, पिछली सरकारों ने यहां दंगा कराया, चीनी मिलें बंद कराई।
पिछली सरकारों की सोच अपने परिवार तक ही सिमट कर रह जाती है। यह अपने परिवार के विकास की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि देवरिया चीनी मिल का मामला सर्वोच्च न्यायालय में नहीं होता तो कांप्लेक्स बनकर तैयार हो गया होता। इसके लिए हमने बजट सुरक्षित रखा है। पैरवी मेरे तरफ से लगातार हो रही है। यहां के किसानों की आमदनी बढ़नी चाहिए। आज किसान आत्महत्या नहीं करता, आज भूख से कोई नहीं मरता। नौजवानों का पलायन रुका है। सरकार युवाओं, महिलाओं के साथ है। व्यापारी व बेटी की सुरक्षा दे रही है। हर दंगाई व माफियाओं को सीने पर चढ़कर जवाब सरकार दे रही है। विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता। देवरहा बाबा के नाम पर भाजपा सरकार ने मेडिकल कालेज का निर्माण कराया है। इसमें नर्सिंग कालेज अब बनेगा। बेटियों के लिए प्लेसमेंट की गारंटी होगी। जिन बेटियों को लखनऊ, दिल्ली नर्सिंग की पढ़ाई करने जाना होता था, अब वह देवरिया मेडिकल कालेज में सुविधाएं मिलेंगी। बरहज से सोनूघाट मार्ग का भी विकास होगा।
बलिया से लैंडवाटर-वे की सुविधा अयोध्या तक मिलेगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। याद करिए इसी देवरिया व कुशीनगर जनपद में भूख से मुसहर लोग मरते थे, मुझे वहां जाना पड़ता था। तत्कालीन सत्ताधारी के लोग उनका राशन खा जाते थे। आज उनके राशन पर कोई डाका नहीं डालता। मुसहर को जमीन का पट्टा मिलेगा, आवास मिलेगा, वृद्धाजन पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड दिया जाएगा। देवरिया से लेकर सोनभद्र तक मुसहर जाति के बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है। हर गांव के उस गरीब, दलित, पिछड़ी जाति के लोगों को सरकार योजनाओं का लाभ देगी, जिन्हें किसी योजना का लाभ नहीं मिलता। जिसके पास रोजगार नहीं है, उसे रोजगार देंगे। 15 लाख लोगों को चिन्हित किया गया है, एक साथ इन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाएगा। गरीबी उस परिवार व समुदाय के लिए ही नहीं, बल्कि सरकार के लिए चुनौती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अपने परिवार तक सीमित थे, माफियाएं पालते थे। आज यूपी गुंडा मुक्त, माफिया मुक्त है। प्रयागराज को पहले माफिया घेर लिया था। आज प्रयागराज की शक्ति दुबे बेटी ने यूपीएससी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पिछली सरकारों में विकास का एजेंडा नहीं था। जिसके चलते यूपी पिछड़ता जा रहा है। जब बरसात आता था, इंसेफेलाइटिस का भय हो जाता था। लेकिन आज यह भय नहीं होता। कुशीनगर भी विकास की गति में तेजी से बढ़ रहा है। विकास का पहिया यह थमने वाला नहीं है। डबल इंजन की भाजपा की यह सरकार आगे विकास कर रही है। महाकुंभ में जो भी आया, अभ्युद होकर गया। विकास की प्रक्रिया लगातार बढ़ती जाएगी।
यूपी बोर्ड में जिला टापर छात्राओं को मुख्यमंत्री ने दिया प्रशस्ति पत्र
पड़ियापार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाईस्कूल में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही यूपी में आठवां व जिला टापर श्री अनंत इंटर कालेज सतरांव की छात्रा प्रीति कुशवाहा व इंटर में जिला टापर आरडीबी सीनियर सेकेंड्री स्कूल मठिया महावल महुआपाटन की छात्रा श्वेता को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर पुरस्कृत किया। पुरस्कार पाते ही टापरों के चेहरे खिल उठे।
137 महिलाओं को मिला आवासीय पट्टा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 137 महिलाओं को आवंटित आवासीय पट्टा में से साहिबा देवी को अपने हाथों से पट्टा का कागजात सौंपा। इसी तरह उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 523 स्वयं सहायता समूह को सामूहिक निवेश निधि के रूप में 7 करोड़ 87 लाख 50 हजार का डेमो चेक मीरा मद्धेशिया, अम्बा देवी, सनीतारा देवी, सरिता देवी के हाथों मुख्यमंत्री ने सौंपा। मुख्यमंत्री के हाथों चेक मिलते ही महिलाओं के चेहरे खिल उठे। उधर निराश्रित विधवा पेंशन सुनीता सिंह को दिया गया। विकास गुप्ता को मोबाइल दुकान के लिए चेक दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का मिली चावी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैतालपुर विकास खंड के ग्राम बरनई निवासी रीना देवी पत्नी सुरेंद्र यादव को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का चावी सौंपा। महिला ने 1.20 लाख में बेहतर घर का निर्माण कराया है।