गोरखपुर में लड़कियों पर गंदे पानी का छींटा पड़ने पर बवाल, चले ईंट पत्थर
यूपी में गोरखपुर के अलीनगर में लड़कियों पर गंदे पानी का छींटा पड़ने पर बवाल हो गया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया।

यूपी के गोरखपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर में बुधवार की रात करीब रात 9:15 बजे दो पक्षों में गंदे पानी के छींटा को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और इस दौरान लाठी डंडों के साथ ईंट पत्थर भी चलने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया। विवाद के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी से दो लड़कियां अलीनगर की तरफ आ रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार आया और सड़क पर लगे गंदा पानी का छींटा लड़कियों पर पड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस बात से नाराज होकर लड़कियां लड़के को गाली देने लगी और उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली।
बताया जा रहा है कि लड़कियों ने अपने कुछ परिचितों को बुला लिया। परिचितों ने लड़के की पिटाई कर दी। मामला बढ़ने पर लड़के ने भी अपने कुछ परिचितों को बुला लिया इसके बाद सड़क पर लाठी डंडे और पत्थर चलने लगे। दोनों तरफ से करीब दर्जनों लोग के बीच विवाद बढ़ गया। जिस समय यह वारदात हुई चौराहे पर कोई पुलिसकर्मी नहीं थे लिहाजा विवाद और उसको लेकर सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल काफी दे तक रहा। लोग वीडियो बनाते रहे और फोटो खींचते रहे लेकिन कोई झगड़ा छुड़ाने नहीं आया।
काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने जब वहां पर एक लड़के को पकड़ा तो लोगों ने उसे छुड़ा दिया जिसके बाद वह भाग गया। बाद में काफी संख्या में पुलिस वहां पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने पर ले गई हालांकि किसी पक्ष ने अभी तहरीर नहीं दी है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सड़क पर लगे पानी का छींटा पड़ने से विवाद हुआ है। दोनों पक्ष स्थानीय है। तहरीर मिलती है तो उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।