दहेज में एसी नहीं मिलने पर दिया तीन तलाक, डेढ़ साल पहले हुआ था निकाह
राजधानी लखनऊ में महिला ने अपने पति पर तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया है कि दहेज में एसी नहीं मिलने पर पति ने तीन तलाक दिया है।

राजधानी लखनऊ में तीन तलाक का मामला सामने आया है। यहां काकोरी कोतवाली में महिला ने पति के खिलाफ तीन तलाक देने का मुकदमा दर्ज कराया। दिए गए शिकायत पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि दहेज में एसी की मांग की गई। बार-बार दबाव बनाया जा रहा था, जिसके नहीं मिलने पर महिला को तलाक दिया गया। महिला ने पति पर प्रताड़ित करने के साथ ही कई बार पिटाई करने का आरोप लगाया है। एफआईआर के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
काकोरी निवासी महिला का निकाह हरदोई सण्डीला निवासी वसी अहमद से डेढ़ साल पहले हुई थी। महिला के छह माह की बेटी है। पीड़िता के मुताबिक ससुराल पहुंचने के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पति वसी अहमद के साथ उसके परिवार वालों ने मिल कर महिला को कई बार पीटा। दहेज में एसी के साथ कार लाने का दबाव डाला।
27 मई को दहेज की बात को लेकर महिला की पिटाई करते हुए उसे जला कर मारने की साजिश रची गई। पर, समय रहते महिला को इस बात का पता चल गया। पीड़िता ने जान बचाने के लिए डॉयल 112 पर कॉल की थी। जिस पर पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप करने पर वसी अहमद ने माफी मांग ली। वहीं, 28 मई को महिला के मायके पक्ष से कुछ लोग ससुराल आए। जिनकी मौजूदगी में वसी अहमद ने पत्नी को तीन तलाक दे कर भगा दिया। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।