यूपी के इस शहर में लूटेरी दुल्हनों का आतंक, शादी के सिर्फ सात दिन बाद जेवर लेकर भागीं
यूपी के आगरा में शादी के सात दिन बाद ही घर से नकदी-जेवरात समेट कर दुल्हनों के भागने के दो मामले सामने आए हैं। पीड़ित ससुरालवालों ने बाह और अछनेरा थाने में मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच की बात कही है।

यूपी के आगरा में शादी के सात दिन बाद ही घर से नकदी-जेवरात समेट कर दुल्हनों के भागने के दो मामले सामने आए हैं। पीड़ित ससुरालवालों ने बाह और अछनेरा थाने में मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच की बात कही है। बताया गया है कि बटेश्वर के युवक की शादी पिनाहट क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ चार जून को हुई थी। युवक ने पुलिस को बताया कि मंगलवार आधी रात तक वह दुल्हन के साथ कमरे में था। आंख लगने के बाद दुल्हन घर में रखे 15 हजार रुपये, सोने-चांदी के पहने और रखे हुए जेवर समेट कर घर से भाग गई।
बताया जा रहा है कि जब लघुशंका के लिए आंख खुली तो दुल्हन कमरे में नहीं मिली। घर में ढूंढ़ा तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इससे पूरा परिवार सन्न रह गया। मायके में पता किया तो वहां से बताया गया कि दुल्हन यहां नहीं आई है। रिश्तेदारी में खोजबीन और पूछताछ की। सुराग न मिलने पर थाने में मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। दूसरा मामला थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव फतेहपुरा का है।
पीड़ित दूल्हे ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि उसकी शादी दो जून 2025 को पूर्वी दिल्ली क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पत्नी का व्यवहार बदल गया। आठ जून को सुबह तीन बजे वह मायके जाने की बात कहकर घर से चली गई। तब से वह नहीं लौटी है। दूल्हे के अनुसार पत्नी के शादी से पहले प्रेम संबंध हैं। ससुराल पक्ष ने उसको धोखा दिया है।
पीड़ित ने बताया कि शादी के नाम पर ससुराल पक्ष ने 50 हजार रुपये नकद और कोर्ट मैरिज कराने के लिए एक लाख रुपए मांग की थी। उससे धोखाधड़ी की। उत्पीड़न किया गया। इंस्पेक्टर अछनेरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।