होली पर रात्रि पदयात्रा नहीं करेंगे प्रेमानंद महाराज, भक्तों से आश्रम की ये अपील
- वृंदावन में प्रेमानंद महाराज होली पर रात्रि पदयात्रा नहीं करेंगे। भक्तों से आश्रम ने अपील करते हुए जानकारी दी है कि 10 से 14 मार्च पदयात्रा बंद रहेगी।

मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज की पद यात्रा को लेकर आश्रम ने बड़ी घोषणा की है। होली के पर्व और महाराज के स्वास्थ्य के कारण इसे बंद किया जा रहा है। 10 से 14 मार्च कर प्रेमानंद महाराज भक्तों को रात्रि दर्शन नहीं देंगे। इसकी घोषणा आश्रम की ओर से की गई है। कुछ दिनों के लिए उनकी पदयात्रा पर रोक रहेगी। ऐसे में आश्रम ने भक्तों से उन 4 दिनों में न आने की अपील की है। घोषणा के बाद होली पर प्रेमानंद महाराज के दर्शन के अभिलाषी भक्तों में मायूसी छा गई है।
आश्रम की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि आप सभी प्रियजनों को सूचित किया जाता है कि होली के पावन पर्व के चलते व पूज्य महाराज जी के स्वास्थ्य की अनुकूलता को ध्यान में रखते हुए दिनांक 10 मार्च से 14 मार्च 2025, रात्रि 02:00 बजे से पूज्य महाराज जी की पदयात्रा नहीं निकलेगी, आप सभी प्रियजनों से प्रार्थना है कि अगर आप दर्शन के लिए आ रहे हैं तो उपरोक्त दिनों में दर्शन के लिए ना आयें।
सोशल मीडिया पर भक्तों की प्रतिक्रिया
आश्रम की ओर से सूचना सोशल मीडिया पर जारी की गई है। ऐसे में प्रेमानंद महाराज के लिए भक्तों ने अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ पदयात्रा के लिए न पहुंचने की अपील का सम्मान किया है।
रोज आते हैं भक्त
बता दें कि वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनने के लिए भक्तों का तांता लगा होता है। सत्संग के लिए जाते हुए प्रेमानंद महाराज रात्रि में अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। इसके लिए वो रात्रि में पदयात्रा करने हैं। रात दो बजे से पहले ही वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालु जुटने लगते हैं। यहीं, प्रेमानंद महाराज पदयात्रा करते हैं। उनके दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में अनुयायी पहुंच जाते हैं।