मेरठ में मकान ढहने से मरने वालों की संख्या हुई 9, मलबे में दबे लोगों को तलाश रहा डॉग स्क्वायड
यूपी में मेरठ की जाकिर कॉलोनी में तीन मंजिला मकान गिरने के बाद 12 लोग मलबे में फंस गए थे और 2 ने भागकर जान बचाई थी। शनिवार को मरने वालों की संख्या 6 थी जो अब बढ़कर 9 हो गई है। रविवार को दो शव निकाले गए और दो की तलाश जारी है।

यूपी में मेरठ की जाकिर कॉलोनी में तीन मंजिला मकान गिरने के बाद 12 लोग मलबे में फंस गए थे और 2 ने भागकर जान बचाई। देर रात तक 8 को मलबे से निकाला गया था। इनमें से 6 की मौत हो चुकी थी और अन्य दो को इलाज के लिए भेजा गया था। अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। शनिवार रात तक 6 लोगों के मरने की जानकारी थी। अब मरने वालों में से दो के शव निकाले गए हैं और अन्य दो के शव निकालने की कवायद जारी है। साथ ही मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। शनिवार को 3 मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया था।
जानकारी के मुताबिक रविवार को दो और लाश मलबे से बाहर निकाली गईं। ये फरहाना पत्नी नदीम और अलीशा पत्नी नईम के शव थे। बाकी दो और शव बाहर निकालने में एनडीआरएफ औरएसडीआरएफकीटीम लगी हैं। मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड मौके परबुलायागयाहै। आशंका है कि कुछ और लोग दबे हो सकतेहैं।
इनकी हुई मौत
1. साजिद पुत्र अलाउद्दीन (40 वर्ष)
2. शाकिब पुत्र साजिद (12 वर्ष)
3. रिजा पुत्री साकिब (7 वर्ष)
4. सानिया पुत्री साजिद (15 वर्ष)
5. सिमरा पुत्री शहजाद (2 वर्ष)
6. नफीसा उर्फ नफ्फो (62 वर्ष)
7. फरहाना (20 वर्ष)
8. अलीशा (21 वर्ष)
9. आलिया (6 वर्ष)
ये घायल
1. सोफियान (5 वर्ष) पुत्र पप्पू, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
2. साईमा (32 वर्ष) पत्नी साजिद, संतोष अस्पताल में भर्ती
ये लोग अभी मलबे में दबे
1. रिमशा (5 माह)
हादसे के समय नईम, नदीम और आबिद बाहर थे।
लोगों ने बताया कि मकान गिरते ही उसमें फंसे सभी को बचाने के लिए आस पड़ोस के लोग दौड़े। तीन मंजिला मकान जमींदोज होने के कारण मलबे का ढेर लग गया। फंसे लोगों को बचाने के लिए मोहल्ले वालों ने हाथों से मलबा हटाना शुरू कर दिया। जब तक पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लोगों ने एक हिस्सा साफ कर दिया था, लेकिन इसके बाद लेंटर ने काम रोक दिया। फायर ब्रिगेड की टीम अपने उपकरण लेकर पहुंची और लेंटर काटकर बचाव कार्य शुरू किया।