UP Police Constable Recruitment List of toppers of released Mahoba and Bulandshahr get good news यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के टॉपरों की लिस्ट जारी, महोबा और बुलंदशहर को मिली खुशखबरी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP Police Constable Recruitment List of toppers of released Mahoba and Bulandshahr get good news

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के टॉपरों की लिस्ट जारी, महोबा और बुलंदशहर को मिली खुशखबरी

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के टॉपरों की लिस्ट जारी हो गई है। महोबा के योगेंद्र ने पुरुषों और बुलंदशहर की वंदना ने महिलाओं में टॉप किया है। भर्ती बोर्ड की तरफ से महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की टॉप फाइव सूची जारी की गई है।

Yogesh Yadav लखनऊ, प्रमुख संवाददाताMon, 17 March 2025 09:05 PM
share Share
Follow Us on
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के टॉपरों की लिस्ट जारी, महोबा और बुलंदशहर को मिली खुशखबरी

उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा में अंतिम सफल उम्मीदवारों में शामिल महिला व पुरुष अभ्यर्थियों की टॉप फाइव की सूची जारी हो गई है। महोबा और बुलंदशहर को खुश होने का मौका मिला है। महोबा के योगेन्द्र सिंह ने पुरुष वर्ग में टॉप किया है जबकि बुलन्दशहर की वंदना रानी ने महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया है। यहीं नहीं, बुलंदशहर की ही दीपांशी शर्मा महिला वर्ग में दूसरे नंबर पर हैं। इस परीक्षा के जरिए सिपाहियों के 60244 पदों पर नियुक्तियां होनी है। भर्ती बोर्ड ने वर्ष 2023 में निकली सिपाहियों की भर्ती के लिए पिछले साल पांच दिन की 10 पालियों में लिखित परीक्षा ली थी।

लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा ली गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों का कटऑफ भर्ती बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया था। भर्ती बोर्ड के मुताबिक, परीक्षा में सफल पुरुष अभ्यर्थियों में पहले पांच स्थानों पर क्रमश: महोबा के योगेन्द्र सिंह, सुलतानपुर के अब्दुल्ला अली, वाराणसी के मनीष त्रिपाठी, मेरठ के अरविंद सिंह गिल,गोरखपुर के मिथिलेश भट्ट है।

इसी तरह सफल महिला अभ्यर्थियों में पहले पांच स्थानों पर बुलन्दशहर की वंदना रानी, बुलन्दशहर की ही दीपांशी शर्मा, आगरा की मोनिका बघेल, कानपुर देहात की दीपाली देवी और महोबा की पूजा है।

ये भी पढ़ें:तीन सगी बहनों ने एक साथ सिपाही बन रचा इतिहास, फिर एक बार चर्चा में UP का जौनपुर

रिक्त रहने वाली नियुक्तियों को अगली भर्ती में शामिल किया जाएगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भर्ती बोर्ड ने अंतिम परीक्षा परिणाम जारी करने के साथ ही साफ कर दिया है कि कोई प्रतीक्षा सूची नहीं जारी की जा रही है। अब बोर्ड ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि मेडिकल टेस्ट के बाद जितने अभ्यर्थी नियुक्ति पर नहीं आएंगे, उनके स्थान पर इस बार कोई भर्ती नहीं होगी। रिक्तियों की संख्या अगली बार होने वाली भर्तियों की संख्या में जोड़ दी जाएगी।

सोशल मीडिया पर कई अभ्यर्थियों ने प्रतीक्षा सूची को लेकर सवाल किए थे। बोर्ड से प्रतीक्षा सूची जारी न करने की वजह भी पूछी थी। भर्ती बोर्ड के अफसरों का कहना है कि कई चरणों से गुजरने के बाद अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी किया जाता है। ऐसे में रिक्त रहने वाले पदों के लिए प्रतीक्षा सूची नहीं बनाई जाती है। जो पद रिक्त रह जाते हैं, उनकी उन पदों की संख्या को अगली बार होने वाली भर्तियों की संख्या में जोड़ दिया जाता है।

बोर्ड के अध्यक्ष व डीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि अंतिम परिणाम में सफल अभ्यर्थियों की सूची को स्थापना विभाग को भेज दिया गया है। अब जिला स्तर पर गठित बोर्ड इन सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट करेगा। फिर इसमें सफल उम्मीदवारों की आरटीसी में ट्रेनिंग दी जाएगी।