पुणे में मिली लड़की के इश्क में बिहार से आया था युवक, यूपी के बस्ती में पीट-पीटकर हत्या
पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रुधौली के पड़री-घोसियारी मार्ग पर गत 8 जून को खेत में एक युवक का शव मिला था। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान देख हत्या की आशंका जताई जा रही थी। इसी बीच सोशल मीडिया की मदद से सूचना पाकर परिजन रुधौली थाने पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

बिहार का लड़का, यूपी की लड़की। पुणे में मुलाकात हुई। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। लड़की से मिलने के लिए युवक बिहार से यूपी आया था। यहां बस्ती के रुधौली थाना क्षेत्र के पड़री के पास उसका शव मिला। शव की शिनाख्त के बाद पूरे घटनाक्रम की अलग तस्वीर उभरकर सामने आ रही है। मृतक युवक बिहार के पश्चिमी चम्पारण का रहने वाला था। अब तक की जांच में सामने आया कि पुणे में उसकी मुलाकात रुधौली क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की से हुई थी। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इसी लड़की से मिलने के लिए युवक पिछले आठ जून को बस्ती आया था। इसकी भनक लड़की की मां को लग गई। आरोप है कि इसके बाद लड़की की मां ने अपने भाई समेत अन्य की मदद से उसकी पीट-पीटकर हत्या करा दी।
रुधौली पुलिस ने बिहार के पश्चिमी चम्पारण के चनपटिया थाना के पिपरा निवासी मृतक अबू साद (उम्र 22 वर्ष) के भाई चंगेज आलम पुत्र इस्लाम मियां की तहरीर पर चार नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रुधौली के पड़री-घोसियारी मार्ग पर गत आठ जून को खेत में एक युवक का शव मिला था। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान देख हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस शिनाख्त में जुटी थी। इसी बीच सोशल मीडिया की मदद से सूचना पाकर परिजन रुधौली थाने पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
मृतक के भाई चंगेज आलम ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि आशनाई के चक्कर में उसके भाई की हत्या की गई है। लड़की की मां उनके भाई को पसंद नहीं करती थी। उसी ने अपने रिश्तेदारों और पड़ोसी के सहयोग से भाई की हत्या करवा दी। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि पहचान होने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की धरपकड़ में तीन पुलिस टीमें जुटी हैं।
पुणे में रहकर काम करता था अबू साद
बिहार के पश्चिमी चम्पारण का रहने वाला अबू साद पुणे में रहकर काम करता था। वहीं पर उसकी मुलाकात रुधौली थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की से हुई। दोनों में नजदीकी बढ़ी और प्यार परवान चढ़ने लगा। इसके बाद लड़की अपने घरवालों के साथ गांव चली आई। बताया जा रहा है कि आठ जून को अबू साद रुधौली थानाक्षेत्र स्थित लड़की के गांव आया था। इसकी भनक लड़की की मां को लग गई। इसके बाद शाम करीब चार बजे पड़री चौराहे से घोसियारी मार्ग पर कुछ लोगों ने उसे लाठी-डंडा लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया।
आरोप है कि बुरी तरह पिटाई के चलते उसकी जान चली गई और पड़री के पास खेत में उसका खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में उसे लाठी लेकर दौड़ाते लोगों के नजर आने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल पर छानबीन शुरू कर दी थी। पुलिस ने मृतक अबू साद के भाई की तहरीर पर आरोपी हमीदुल्लाह, आशीष, लड़की के मामा, आयशा व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।