UP Weather: सुपर हीट वेव की चपेट में यूपी के 17 जिले, झांसी-जालौन सबसे गर्म; 2 दिन यहां रहेगी राहत
सुपर हीट वेव ने बुंदेलखंड समेत कई जिलों को झुलसा कर रख दिया। यूपी में झांसी और जालौन सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगरा 45.1 डिग्री के साथ प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। कानपुर में अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

UP Weather Latest News: यूपी के 17 जिले मंगलवार को हीट वेव की चपेट में रहे। पुरवइया के बीच मंगलवार को भी आसमान से आग बरस रही है। आफत ऐसी है कि रात में भी राहत नहीं मिल रही। सुपर हीट वेव ने बुंदेलखंड समेत कई जिलों को झुलसा कर रख दिया। यूपी में झांसी और जालौन सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगरा 45.1 डिग्री के साथ उत्तर प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। कानपुर में अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, एयरफोर्स वेदर स्टेशन में तापमान 45 के करीब रहा। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए थोड़ी राहत की बात है। गोरखपुर और आसपास के जिलों में मंगलवार को दोपहर बाद गर्मी से आंशिक राहत मिली। मंगलवार को आसमान में हल्के काले बादलों की भी एंट्री हुई। हल्के काले बादल सूरज की तपिश को थामने में कुछ कामयाब जरूर हुई। इसके कारण बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 11 और 12 जून के बीच पूर्वी यूपी के जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।
प्रदेश में सात जून तक राहत के बाद गर्मी सितम ढा रही है। तापमान में लगातार इजाफा होता जा रहा है। सात को पारा 40.4 डिग्री रहा था जो मंगलवार को बढ़कर 43.9 पहुंच गया। यह सीजन का सर्वाधिक तापमान है। गर्मी के चलते प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा गया। राहगीरों को ऐसा लग रहा था मानो आग बरस रही हो। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सात जून से पहले दिन का पारा सामान्य से कम चल रहा था। मंगलवार को न्यूनतम पारा 28.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर न्यूनतम पारा 31.8 डिग्री रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण लू चलती है पर इस बार जून में लगातार उत्तर-पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इससे नमी का प्रतिशत तापमान के अनुसार नहीं घट रहा है। मंगलवार को नमी का अधिकतम प्रतिशत 53 और न्यूनतम 31 रहा। यह सीजन की सबसे कम है। इतने तापमान में न्यूनतम नमी 10 प्रतिशत के निकट होना चाहिए।
आसमान से बरसी आग
प्रदेश के जो 17 जिले मंगलवार को सुपर हीट वेव की चपेट में रहे उनमें कहीं भी तापमान 40 डिग्री के नीचे नहीं रहा। बलिया का अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को तापमान में तो मामूली कमी आ सकती है लेकिन गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। 12 जून को बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और बूंदें पड़ सकती हैं। इससे उमस भरी गर्मी होगी। 13 से 16 जून तक विभाग ने आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा संग बौछारें पड़ेंगीं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल एक-दो दिन हीट वेव से राहत तो नहीं मिलेगी लेकिन इसके बाद बदली और बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है। नए पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मानसून की गति बढ़ेगी और इसके फिलहाल तय समय 20 से 25 जून के बीच प्रदेश में आ जाने की संभावना है। यूपी में दाखिल होते ही यह कानपुर मंडल में जल्दी पहुंचेगा।
गोरखपुर में 41 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान
गोरखपुर में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को सुबह से आसमान में आसमान साफ रहा। दिन चढ़ने के साथ सूरज लाल हुआ। हालांकि दोपहर में हल्के काले बादलों की एंट्री से मौसम का मिजाज बदला। बादलों की मौजूदगी से सूरज के तेवर नरम पड़े। सूरज ढलने के बाद तापमान में काफी राहत रही।
46 डिग्री सेल्सियस रहा हीट इंडेक्स
मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हवा में नमी 57 फीसदी रही। दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ हीट इंडेक्स भी उछल गया। मंगलवार को दिन में हीट इंडेक्स 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। दिन के साथ रात की गर्मी बदस्तूर जारी रही। बीते 24 घंटे में रात के तापमान में भी इजाफा हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक हैं। इससे पहले सोमवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था।
आज से छाएंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार दोपहर बाद से मौसम के मिजाज में बदलाव होगा। आसमान में काले बादल छाएंगे। तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मंगलवार को करीब 14 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ चली।