बोले हल्द्वानी: आजाद नगर की सुविधाएं अव्यवस्थाओं की बेड़ियों में कैद
हल्द्वानी के आजाद नगर क्षेत्र में लोग जल, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। क्षेत्र की लगभग ढाई हजार की आबादी गंदगी और मच्छरों के प्रकोप से प्रभावित है। लोगों ने नगर निगम से...
हल्द्वानी। वार्ड नंबर-24 का आजाद नगर क्षेत्र तमाम बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। गंदगी, बिजली, पानी और रोशनी जैसी आवश्यक सुविधाओं की कमी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। नालियों की सफाई से लेकर स्ट्रीट लाइट और पेयजल आपूर्ति तक, हर मोर्चे पर लापरवाही नजर आ रही है। लोग बीमारियों और दुर्घटनाओं के जोखिम के बीच जीने को मजबूर हैं। यहां लाइन नंबर 17 और 18 में मच्छरों का जमावड़ा है। नालियों में कूड़ा जमा होने से जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
बारिश में नालियों में जमा गंदगी घरों के अंदर पहुंचने लगती है। वहीं गर्मी, बरसात और सर्दी हर सीजन में बिजली सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को परेशान होना पड़ता है। वहीं बड़ी आबादी के लिए पेयजल की व्यवस्था का जिम्मा लाइन नंबर 17 के नलकूप पर है, जिससे लोगों तक पर्याप्त मात्रा में पानी तक नहीं मिल पाता है। वहीं नालियों में टूटी जालियों से दुर्घटना का बढ़ता खतरा भी लोगों के लिए समस्या बना हुआ है। बोले हल्द्वानी की टीम जब क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंची तो उन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं बताकर सुझाव दिए। आजादनगर क्षेत्र में लगभग ढाई हजार की आबादी पेयजल और विद्युत आदि सुविधाओं की कमी से जूझ रही है। यहां के लोगों के लिए पेयजल व्यवस्था लाइन नंबर 17 आजाद नगर स्थित नलकूप से है जिसका संचालन जल संस्थान की ओर से किया जाता है। लोगों का कहना है कि नलकूप स्थापित किए जाने के दौरान 1500 लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई थी लेकिन जनसंख्या बढ़ने के बाद यहां पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि नलकूप चलाने का समय तय नहीं होने के कारण कई दिनों तक घरों में पानी आता है। क्षेत्र में नगर निगम की ओर से सफाई नहीं कराने और लापरवाही करने का आरोप लगाकर लोगों ने कहा कि नालियों में गंदगी पड़ी है। वहीं टूटी जालियों को देखने वाला कोई नहीं है। इसके अलावा क्षेत्र में हर रोज घंटों कट रही बिजली की सप्लाई से परेशान लोगों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक नहीं होने से जूझ रहे लोगों का कहना है कि इसकी व्यवस्था को भी सुधारा जाए। नहीं होती फॉगिंग, जलभराव और गंदगी से बढ़ रहे मच्छर: शहर के आजादनगर में लंबे समय से फॉगिंग नहीं हुई है। इससे क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि आए दिन लोगों को बुखार और अन्य तरह की बीमारियां हो रही हैं। नगर निगम की ओर से कई बार मांग करने के बाद भी फॉगिंग नहीं कराई गई है। इससे क्षेत्र में गंदगी और बीमारियां होने की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अभी बरसात का सीजन नहीं आया है इसके बावजूद उनके मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप है। अगर समय-समय पर फॉर्मिंग होती रहे तो डेंगू का खतरा नहीं होगा। लोगों ने नगर निगम से मांग करते हुए कहा है कि जल्द ही उनके क्षेत्र में फॉगिंग कराई जानी चाहिए। स्ट्रीट लाइट नहीं, गलियों में रहता है अंधेरा आजादनगर की गलियों में अधिकतर स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। अंधेरा छाए रहने से आपातकाल में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस वजह से लोगों को रात के समय बाहर निकलने में डर लगता है। खासकर महिलाएं और बच्चे अंधेरे में खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। कभी किसी को अस्पताल जाना हो या कोई और ज़रूरत हो, तो अंधेरे में रास्ता ढूंढ़ना मुश्किल हो जाता है। यह परेशानी कोई नई नहीं है, लेकिन अब तक इस पर ध्यान नहीं दिया गया। प्रशासन की तरफ से कई बार वादे तो किए गए, लेकिन काम नहीं हुआ। स्थानीय लोग चाहते हैं कि गलियों में रोशनी हो, ताकि वे भी बाकी शहर की तरह सुरक्षित और आरामदायक जीवन जी सकें। सरकार और नगर निगम को अब इस ओर ध्यान देना चाहिए। स्ट्रीट लाइट जैसी छोटी लेकिन ज़रूरी सुविधा सभी को मिलनी चाहिए लाइन नंबर-17 आजादनगर की पांच समस्याएं 1. जलभराव और गंदगी से मच्छरों का प्रकोप 2. गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं, शाम के बाद रहता है अंधेरा 3. नालियों पर जाल नहीं, दुर्घटना का खतरा 4. पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था बदहाल 5. अनियमित आपूर्ति से गर्मी में जूझ रहे लोग स्थानीय लोगों के पांच सुझाव 1. नियमित फॉगिंग और नालियों की सफाई कराई जाए। 2. पेयजल आपूर्ति के समय में सुधार के साथ वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाए। 3. बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाई जाए। 4. स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ नई लाइट लगाई जाए। 5. नालियों पर जाल लगाएं और सुरक्षा उपाय किए जाएं इनकी सुनिए: हमारे वार्ड में जलभराव और गंदगी की समस्या बहुत गंभीर है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। हमें जल्द से जल्द समाधान की आवश्यकता है। बरसात में हालात और बिगड़ सकते हैं। मो. जावेद सैफी गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरे की समस्या बढ़ रही है, जिससे दुर्घटना का खतरा रहता है। निगम को स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करनी चाहिए। हमारी गलियां रात होते ही अंधेरे में डूब जाती हैं। इरफान मियां जाफरी नालियों पर जाल नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है। हमारी गलियों में नालियों पर जाल लगवाना चाहिए। जिससे कि नालियों में गिरने का डर न बना रहे। नालियों से गंदगी पानी के साथ सड़क पर आती है। सोनू, इंद्रानगर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था बदहाल है, जिससे हमें परेशानी हो रही है। विभाग को पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुधारनी चाहिए। रात में दो-दो बजे हम पानी भरने को मजबूर हो रहे हैं। हम समाधान चाहते हैं। फरजाना परवीन बिजली-पानी की अनियमित आपूर्ति से लोग गर्मी में परेशान हो रहे हैं। बिजली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। कई बार अभियंताओं से संपर्क किया पर अब तक समाधान नहीं हो सका है। सलीम सैफी हमारे वार्ड में जलभराव और गंदगी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। लंबे समय से फॉगिंग भी नहीं हुई है, कब तक होगी यह भी नहीं पता है। डेंगू का डर बना हुआ है। अख्तर हुसैन गलियों में अंधेरा होने से लोगों को परेशानी हो रही है, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। रात में आपातकाल में अधिक दिक्कतें होती हैं। गर्भवती महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग कई बार चोटिल हो चुके हैं। मो. खुर्शीद नालियों की सफाई और रखरखाव नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है। जालियां टूटी हुई हैं। बरसात में छोटे बच्चों के साथ डर बना रहता है। निगम को समय-समय पर नालियों की सफाई करवानी चाहिए। अमरुद्दीन अंसारी पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। एक ही नलकूप का पानी कई परिवारों तक पहुंचना मुश्किल है कोई दूसरा विकल्प तलाश किया जाना चाहिए। हबीब बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों को परेशानी हो रही है, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। गर्मी में बिजली सप्लाई प्रभावित होने से लोग परेशान हो रहे हैं। हमें पूर्ण समाधान चाहिए। जलिस अंसारी हमारे वार्ड में जलभराव और गंदगी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। गंदगी फैलने की समस्या हो रही है। डेंगू फैलने का डर बना हुआ है। रउख मलिक हमारी गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरे की समस्या बढ़ रही है, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। हमारी कॉलोनियों में रात में अंधेरा छाया रहता है। आपातकाल में परेशानी होती है। बहारअली साह नालियों पर जाल नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है, नालियों पर जाल लगवाने चाहिए। बरसात में छोटे बच्चों के गिरने का डर बना हुआ है। निगम की ओर से जालियां लगाकर ठीक किया जाना चाहिए। फैजान अहमद पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था बदहाल है, इसमें सुधार होना चाहिए। हम परेशान हो रहे हैं। सुबह और शाम दो समय में क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति हो ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए। कामरान बिजली की अनियमित आपूर्ति से गर्मी में जूझ रहे लोग परेशान हैं, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। कई बार अभियंताओं को समस्या के बारे में बताया गया है लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है। मो. अकबर हमारे घरों में पेयजल की बड़ी समस्या है और गंदगी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। गर्मी में यह हाल है तो बरसात में यह समस्या और बढ़ने का डर बना हुआ है। तबस्सुम गलियों में अंधेरा होने से लोगों को परेशानी हो रही है, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे घरों के बाहर भी रोशनी हो। कई जगह खंभे हैं लेकिन लाइट नहीं है। विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रहती है। भूरी नालियों की सफाई नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है, नालियों की सफाई करवानी चाहिए। हम परेशान होते हैं हमारी मांग है कि बारिश से पहले नालियों की समस्या का समाधान होना चाहिए। अख्तरी पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। हमारे घरों में और मदरसों में भी पेयजल किल्लत से लोग जूझ रहे हैं। पानी के बिना गर्मी में लोगों के लिए मुश्किल बनी हुई है। मौलाना हयात उल्ला खां बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों को परेशानी हो रही है, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। पैर में परेशानी है ऐसे में पानी नहीं आता है तो दूर से पानी भरने में परेशानी होती है। पानी-बिजली की व्यवस्था होनी चाहिए। शाहजहां बोले जिम्मेदार आजादनगर में पानी बांटने में बिजली की सप्लाई प्रभावित रहने के कारण दिक्कत आती है। अंतिम छोर के इलाकों तक दिक्कत रहती है अगर समस्या को लेकर शिकायत मिलती है तो तुरंत वहां टैंकरों की व्यवस्था कर दी जाएगी। आरएस लोशाली, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान। विद्युत सप्लाई प्रभावित होने के कारणों की जांच की जाएगी। अगर समस्या है तो इसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। प्रदीप कुमार बिष्ट, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड नगर, हल्द्वानी। वार्ड में नालियों की सफाई के लिए अभियान चलाया जाएगा। मच्छरों के लिए फॉगिंग करवाई जाएगी। जहां जाल उखड़े हुए हैं उन्हें भी ठीक कराया जाएगा। ऋचा सिंह, नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।