हरिद्वार के चंडी देवी मंदिर का महंत रोहित गिरी गिरफ्तार, महिला के साथ की थी गंदी हरकत
महिला का आरोप था कि एक साल पहले उन्होंने चंडी देवी के महंत रोहित गिरी से हवन कराया था। तब महिला की जान पहचान महंत से हुई थी। आरोप है कि महिला और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था।

हरिद्वार के चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को छेड़छाड़ के आरोप में पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महंत का गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। बुधवार को हरिद्वार पहुंची लुधियाना पंजाब पुलिस ने उन्हें श्यामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक रोहित गिरी पर एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।
महिला का आरोप था कि एक साल पहले उन्होंने चंडी देवी के महंत रोहित गिरी से हवन कराया था। तब महिला की जान पहचान महंत से हुई थी। आरोप है कि महिला और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। इसी कारण वह हरिद्वार में हवन कराने आई थी। आरोप है कि रोहित गिरी अक्सर महिला को व्हाट्सऐप पर अलग-अलग नंबरों से कॉल करते थे।
14 मार्च को महंत लुधियाना आए और महिला को फोन किया। महिला के अनुसार महंत उसे कार में बैठाकर सुनसान इलाके में ले गया और छेड़छाड़ की। महिला ने इसकी शिकायत लुधियाना में दर्ज कराई थी। इसके बाद रोहित गिरी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि पंजाब पुलिस महंत रोहित गिरी को गिरफ्तार कर ले गई है।
महंत की गिरफ्तारी के बाद घर का ताला तोड़ा
महंत रोहित गिरी की गिरफ्तारी के तुरंत बाद मंगलवार को एक नया घटनाक्रम सामने आया। महंत की पहली पत्नी बताकर एक महिला करीब 8-10 लोगों के साथ उनके घर पहुंची और कथित तौर पर घर का ताला तोड़कर भीतर घुस गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा गया कि घर के ताले टूटे हुए थे और भीतर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
इस संबंध में पूछे जाने पर चंडी चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद महंत की पहली पत्नी ने स्वयं को उनका जीवनसाथी बताया। कहा कि मैं उनकी पत्नी हूं और जब चाहे घर आ सकती हूं। हालांकि, घर के ताले किसने तोड़े और सामान अस्त-व्यस्त क्यों किया गया। यह जांच का विषय है। अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। महंत की गिरफ्तारी को लेकर दिनभर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।