रुद्रपुर में पति ने गला घोंटने के बाद पत्नी की हत्या कर डीजल से जलाया शव, 50 लोगों से पूछताछ पर खुला राज
रात में अपनी पत्नी को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया और एक घंटे घर में रहकर उसको बहला-फुसला कर पीछे जंगल में घुमाने ले गया। जहां मौका देखकर उसका गला घोंट दिया और घर में आग जलाने के लिए रखे डीजल से उसके शव को जला दिया।

उत्तराखंड के उधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में खटीमा के चारूबेटा के जंगल में मिली महिला की अधजली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की। पुलिस की बात मानें तो आरोपी पति ने पहले महिला की गला दबाकर हत्या की और उसके बाद डीजल से उसके शव को आग लगा दी। हत्याकांड को अंजाम देने का कारण उसने पत्नी पर शक होना बताया। जबकि पुलिस की जांच में आरोपी पति के ही किसी अन्य महिला से संबंध होना पाए गए हैं। इसका विरोध करना ही हत्या का कारण बना।
बीते शनिवार को घर से करीब 400 मीटर दूर जंगल में 34 वर्षीय अनीता पत्नी सुरेश निवासी नई बस्ती चारूबेटा खटीमा का 90 प्रतिशत जला हुआ शव मिला था। मृतका के भाई रामानंद प्रसाद निवासी वार्ड संख्या छह नानकमत्ता ने अपने बहनोई पर ही बहन की हत्या का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी सुरेश के खिलाफ तमाम साक्ष्य जुटाते हुए रविवार रात आठ बजे उसे मुंडेली चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी अनीता का किसी और से फोन पर लंबी बात करना नागवार गुजरा। जबकि किसी अन्य महिला के साथ पति के प्रेम प्रसंग की जानकारी अनीता को हो गई थी। इसका उसने विरोध किया था। इसके चलते सुरेश ने पत्नी को रास्ते से हटाने की ठान ली। वह 23 मई को दिन में अल्मोड़ा से बस से हल्द्वानी होते हुए रात में खटीमा पहुंचा।
रात 10 बजे घर के पीछे जंगलों में छुप गया। मौका देखकर रात में अपनी पत्नी को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया और एक घंटे घर में रहकर उसको बहला-फुसला कर पीछे जंगल में घुमाने ले गया। जहां मौका देखकर उसका गला घोंट दिया और घर में आग जलाने के लिए रखे डीजल से उसके शव को जला दिया।
खाली डीजल की बोतल वहीं फेंक दी और जंगल होते हुए सुबह रोडवेज से हल्द्वानी चला गया। वहां से अपने पड़ोसी को फोन कर अनीता के घर से चले जाने की बात पता की। इसके बाद अपनी बहन, ससुर, साले को फोन से मामले की जानकारी दी और बस में बैठकर खटीमा आ गया। इसके बाद वह अनजान बनने का ढोंग करने लगा।
पुलिस ने मामले में 50 लोगों से की पूछताछ
इस मामले में पुलिस ने लगभग 50 लोगों से पूछताछ की। आसपास के लोगों ने बताया कि सुरेश 23 मई को ही खटीमा पहुंच गया था। हत्यारोपी पति के जुर्म कबूल करने पर मृतका अनीता को जलाते वक्त पहने गए कपड़े और डीजल की बोतल उसकी निशानदेही पर बरामद की गई। आरोपी को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में साक्ष्य छुपाने की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में मनोहर सिंह दसौनी विवेचक प्रभारी निरीक्षक, एसएसआई विनोद जोशी, एसआई किशोर पत, कांस्टेबल नवीन खोलिया, कांस्टेबल कमल पाल शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।