महिला अत्याचारों के बढ़ते ग्राफ पर भड़के कांग्रेसी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में महिला अत्याचारों के बढ़ते मामलों और भाजपा नेताओं की संलिप्तता के खिलाफ प्रदर्शन किया। तहसील तिराहे पर पुतला दहन करते हुए कार्यकर्ताओं ने सरकार पर कार्रवाई न करने...
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में महिला अत्याचारों के बढ़ते ग्राफ और इन अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर रोष व्यक्त करते हुए तहसील तिराहे पर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में एकत्रित हुए। तत्पश्चात वे जुलूस की शक्ल में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील तिराहे पर पहुंचे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार का ग्राफ बढ़ा है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार महिला अत्याचार में हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड पहले और देश में छठे पायदान पर है।
इस पर भी महिला अत्याचारों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता लगातार उजागर हो रही है, लेकिन केंद्र व प्रदेश सरकार इप पर कार्रवाई करने के बजाय मूक दर्शक बनी हुई है। कहा कि आज बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चेतावनी दी कि इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जायेंगे और आवश्यक हुआ तो जन सहयोग से आंदोलन भी करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, बलबीर सिंह रावत,रमेश खंतवाल, कांग्रेस की पूर्व मेयर प्रत्याशी रंजना रावत, गोपाल गुसांई, प्रेम सिंह नेगी, नंदन सिंह रावत और राजा आर्य सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।