हेली कंपनियों की सुरक्षा संबंधी जांच कराए प्रदेश सरकार : प्रीतम सिंह
-पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने चारधाम यात्रियों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप
चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि हेली सेवाओं के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। उन्होंने हेली सेवा संचालित करने वाली सभी कंपनियों की सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जांच कराए जाने की मांग प्रदेश सरकार से की है। रविवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह विकासनगर के एक होटल में मीडिया से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खनन माफिया के खिलाफ सरकार के लोग ही आवाज उठा रहे हैं। हरिद्वार सांसद ने प्रदेश में अवैध खनन के मामले को लोक सभा में उठाया, जबकि यहां भाजपा के विधायक अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ रहे हैं। आबकारी नीति पर बोलते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उत्तराखंड एकमात्र ऐसा प्रदेश हैं जहां शराब की एक दुकान के साथ दो दुकान मुफ्त में दी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब का कारोबार चलाने वाले व्यक्ति के सामने प्रदेश सरकार और नौकरशाही नतमस्तक हो गई है। सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में हर काम धाकड़ तरीके से हो रहा है। प्रदेश के संसाधनों की लूट के लिए सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर रखा है। कानून व्यवस्था को लेकर चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। सरकार की पुलिस निर्दोष लोगों को प्रताड़ित कर रही है। कहा कि त्यूणी में पुलिस ने सेना के जवान के साथ अमानवीय व्यवहार किया है। सरकार दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं करेगी तो कांग्रेस पुलिस के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष संजय किशोर, पूर्व शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, सभासद भारत कालरा, उमादत्त जोशी, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, मौ. असद आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।