गर्मियों में चकराता में छाया कोहरा, स्थानीय लोग भी हैरान
चकराता संवाददाता। इसे जलवायु परिवर्तन कहें ग्लोबल वार्मिंग या फिर मौसम चक्र में परिवर्तन की गर्मियों के मौसम में भी चकराता में कोहरा छाने लगा है। मौसम

इसे जलवायु परिवर्तन कहें या ग्लोबल वार्मिंग या फिर मौसम चक्र में परिवर्तन, गर्मियों के मौसम में भी चकराता में कोहरा छाने लगा है। मौसम के इस मिजाज को देख स्थानीय लोग खासकर बुजुर्ग हैरान हैं। बुधवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो बाहर चारों ओर घना कोहरा छाया नजर आया। मई माह में कोहरा देख लोग हैरान नजर आए। मंगलवार को पूरा दिन चकराता में हल्की धूप खिली हुई थी। आधी रात बाद अचानक मौसम बदला और चारों ओर घना कोहरा छा गया जो शाम तक बना रहा। शाम चार बजे बाद कुछ देर बारिश हुई और तेज हवाएं भी चली।
चकराता के मौसम की बात करें तो यहां सिर्फ बरसात के मौसम में ही कोहरा नजर आता है। जिसकी शुरुआत 20 जून के बाद होती है और 30 सितंबर तक कोहरा बना रहता है। शरद ऋतु में भी यहां धूप खिलती है, लेकिन मई माह में कोहरा छाने पर लोग हैरान हैं। कोहरा छाने से तापमान में भी गिरावट आई अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोग गरम पकड़े पहने नजर आए। स्थानीय बुजुर्ग टीकाराम शाह, तीर्थ कुकरेजा, संजय जैन ने कहा कि उनकी इतनी उम्र बीत गई, लेकिन मई में उन्होंने कोहरा कभी नहीं देखा। आज पहली बार कोहरा छाया देखा। उन्होंने कहा कि यह जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण का ही असर है कि गर्मियों में भी कोहरा छाने लगा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।