आसमान से बरस रही आग! भीषण गर्मी और लू से बुरा हाल, जानें आपके शहर में कब होगी बारिश
आईएमडी चंडीगढ़ के निदेशक सुरिंदर पॉल ने कहा, 'पंजाब और हरियाणा में लू की स्थिति बनी हुई है। हरियाणा के सिरसा में 46.5 डिग्री सेल्सियस और पंजाब के लुधियाना में लगभग 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 14 जून के बाद बारिश होगी।'

देश के कई हिस्सों में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। बढ़ते तापमान और तेज लू चलने से लोगों की हालत खराब है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने खुशखबरी दी है। इसके मुताबिक, मौसम प्रणालियों में बदलाव से अगले कुछ दिनों में भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के पास ऊपरी वायु चक्रवाती सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इसके कारण दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 10 से 16 जून तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बदरा बरसेंगे। साथ ही, 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। खासकर केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में 14 से 16 जून तक काफी भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिम भारत में महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा में 10 और 11 जून को हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 12 से 14 जून के बीच कोंकण और गोवा में अति भारी बारिश और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाओं की चेतावनी है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा और बिहार में 11 से 16 जून तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 11 से 14 जून के बीच बदरा बरस सकते हैं, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 12 जून को भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में कब बारिश
उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और पश्चिम राजस्थान में 12 से 16 जून तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। उत्तराखंड में इस दौरान भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान, 10 से 16 जून तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, भारी बारिश होने से तापमान जरूर नीचे आएगा और लू से भी राहत मिलेगी।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।