हिमाचल में गर्मी का तांडव: 3 दिन लू का अलर्ट; 13 जून से बारिश व तूफान के आसार
हिमाचल प्रदेश में इन दिनों गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। मैदानी जिलों से लेकर हिल स्टेशनों तक लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग ने राज्य के चार मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा में आगामी तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है।

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। मैदानी जिलों से लेकर हिल स्टेशनों तक लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग ने राज्य के चार मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा में आगामी तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 13 जून से 16 जून तक राज्य के विभिन्न भागों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, आज यानी 10 से 12 जून तक प्रदेश शुष्क रहेगा और इस दौरान मैदानी जिलों में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा रहेगा। सुबह 9 बजे के बाद से ही तेज धूप लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर रही है। सोमवार को ऊना और हमीरपुर में पारा 43 डिग्री के करीब पहुंच गया था, जबकि बिलासपुर और कांगड़ा में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया था।
गर्मी का यह कहर सिर्फ मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं है। शिमला, मनाली, डलहौजी और कुफरी जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों में भी तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक चल रहा है। धूप इतनी तीव्र है कि सैलानियों को भी दिन में बाहर निकलने से परहेज करना पड़ रहा है। केवल सुबह और शाम के वक्त ही इन क्षेत्रों में मौसम कुछ हद तक सुहावना रहता है।
लाहौल घाटी में भी बदला मौसम का मिजाज
जनजातीय जिला लाहौल स्पीति, जो वर्षभर अपनी ठंडी जलवायु के लिए जाना जाता है, वहां भी मौसम का मिजाज इन दिनों बदला-बदला सा नजर आ रहा है। लाहौल घाटी में दिन का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। बर्फ के तेजी से पिघलने के चलते चंद्रा, भागा और अन्य नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बहाव तेज हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लाहौल घाटी में अप्रैल के बाद मई-जून में आमतौर पर मौसम सुहावना रहता था। लेकिन इस बार लगातार गर्म हवा और तेज धूप महसूस की जा रही है। इससे न केवल बर्फबारी जल्दी पिघल रही है बल्कि खेतों और जल स्रोतों पर भी इसका असर दिख रहा है।
13 से 16 जून तक बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 13 जून से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम करवट लेगा। 13, 14 और 15 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं (40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से) चलने की संभावना है। 15 जून को यह असर कुछ व्यापक होगा और 16 जून तक बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय के होने से मौसम में यह बदलाव आएगा। इन चार दिनों के दौरान किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।