Vivah Panchami 2024 : विवाह पंचमी कल, विवाह में किसी भी तरह की बाधा आ रही हो तो इस दिन करें ये उपाय
- मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की स्मृति का दिन ‘विवाह पंचमी छह दिसम्बर (शुक्रवार) को मनायी जाएगी। विवाह पंचमी के दिन लोग भगवान राम और जनक नंदनी माता सीता की उपासना करते हैं।

Vivah Panchami 2024 : मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की स्मृति का दिन ‘विवाह पंचमी छह दिसम्बर (शुक्रवार) को मनायी जाएगी। विवाह पंचमी के दिन लोग भगवान राम और जनक नंदनी माता सीता की उपासना करते हैं। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि इस उत्सव को खासतौर से नेपाल और मिथिलांचल में उत्साह के साथ मनाया जाता है। कई स्थानों पर भगवान श्रीराम की बारात भी निकाली जाती है। वह बताते हैं कि अगर विवाह में किसी भी तरह की बाधा आ रही हो तो इस दिन व्रत रखना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि इस दिन राम-सीता के विवाह प्रसंग का पाठ करने से मनचाहे विवाह का वरदान प्राप्त होता है। पारिवारिक जीवन में सुख, समृद्धि व खुशहाली आती है।
ज्यातिषाचार्य पंडित प्रभात मिश्र ने बताया कि विवाह पंचमी का सभी पुराणों में विशेष महत्व है। इस महत्व के बावजूद कई जगह इस दिन विवाह नहीं किए जाते हैं। धार्मिक दृष्टि से इस दिन का बहुत महत्व माना गया है। मिथिलांचल और नेपाल में इस दिन विवाह नहीं होते हैं। केवल त्योहार मनाया जाता है। उनका मानना है कि सीता के दु:खद वैवाहिक जीवन को देखते हुए इस दिन विवाह लोग नहीं करते हैं। राम और सीता के विवाह की वर्षगांठ के तौर पर विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार मार्गशीर्ष अगहन मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी को राम-सीता का स्वयंवर हुआ था। इस पर्व को मिथिलांचल और नेपाल के जनकपुर धाम में बहुत उत्साह और आस्था से मनाया जाता है।