होली पर डीजे बजाने को लेकर चली गोलियां, मुंगेर में 16 साल के लड़के की हत्या
मुंगेर जिले के शंकरपुर मिल्की गांव में होली पर डीजे बजाने के दौरान हुए विवाद में दो गुटों के बीच फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक लड़के की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

बिहार के मुंगेर जिले में होली पर डीजे बजाने के विवाद में 16 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर मिल्की गांव में शुक्रवार को हुई। गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में हुई गोलीबारी में एक अन्य युवक घायल हुआ है। उसका गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। परिजन के लिए होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
जानकारी के अनुसार शंकरपुर निवासी गोलू कुमार एवं भोला कुमार अपने घर मिल्की के पास डीजे पर होली का गाना बजा रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव, फूको यादव, अनिल यादव,प्रशांत यादव, नवोद यादव सहित तीन-चार अन्य सदस्य आए और उनसे गाना बंद करने को कहा। जब लड़कों ने डीजे बंद नहीं किया तो आरोपी आक्रोशित हो गए। उन्होंने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी।
फायरिंग में भोला कुमार (16) और गोलू कुमार (18) को गोली लग गई। इसमें भोला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कमर में गोली लगने से गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मुंगेर के ही एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।