ऑस्ट्रिया के स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी; 10 लोगों की मौत, हमलावर भी मारा गया
स्कूल में गोलीबारी की इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी हेल्मुट लिस्ट हॉल में आपातकालीन उपचार के लिए ले जाया गया।

ऑस्ट्रिया के दूसरे सबसे बड़े शहर ग्राज में मंगलवार को भयानक गोलीबारी हुई। बीओआरजी ड्राइर्शुट्जेंगासे हाई स्कूल में फायरिंग की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, सुबह 10 बजे स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। ऑस्ट्रियाई गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि इस घटना में कई लोग मारे गए हैं, लेकिन मृतकों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं की गई है। हालांकि, स्थानीय मीडिया में बताया गया कि 10 लोगों की मौत हुई है, जिनमें छात्र और शिक्षक शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर संभवतः स्कूल का ही एक छात्र था, उसने हमले के बाद आत्महत्या कर ली। ग्राज की मेयर एल्के कहर ने भी इस बात की पुष्टि की कि हमलावर मृतकों में शामिल है। घटना के बाद स्कूल को खाली करा लिया गया और सभी छात्रों व कर्मचारियों को पास के एएसकेओ स्टेडियम में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि स्थिति अब नियंत्रण में है और कोई और खतरा नहीं है।
कई घायलों की हालत गंभीर
रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी हेल्मुट लिस्ट हॉल में आपातकालीन उपचार के लिए ले जाया गया। विशेष पुलिस बल कोबरा और हेलीकॉप्टर सहित भारी पुलिस बल को तैनात किया गया। मालूम हो कि ग्राज ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से लगभग 200 किलोमीटर दूर है। यहां हुई घटना ने स्थानीय समुदाय को झकझोर दिया है। पुलिस अभी भी हमलावर की पहचान नहीं कर पाई है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद रहे लोगों से पूछताछ जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।