अस्पताल नहीं जाने वाले 7 डॉक्टरों की सरकारी नौकरी गई; कुछ बर्खास्त, कुछ की सेवा समाप्त
नीतीश कैबिनेट की बैठक में राज्य के 7 डॉक्टरों को सरकारी नौकरी से हटा दिया है। ये सालों से अपनी ड्यूटी से गायब थे। इनमें से कुछ की सरकारी सेवा समाप्त कर दी गई है, तो कुछ को बर्खास्त किया गया है।

बिहार में लापरवाही बरतने वाले सरकारी डॉक्टरों के खिलाफ नीतीश सरकार ऐक्शन मोड में नजर आ रही है। राज्य सरकार ने लंबे समय से अनुपस्थित रहे 7 डॉक्टरों को पद और सेवा से हटा दिया है। इनमें कुछ महिला चिकित्सा पदाधिकारी भी शामिल हैं। सरकार ने कुछ को बर्खास्त किया है, तो कुछ की सरकारी सेवा समाप्त कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को पटना में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया।
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में नीतीश मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 7 डॉक्टर हैं, जिनको या तो सेवाच्युत (सेवा समाप्त) किया गया है या डिसमिस (बर्खास्त) किया गया है। बताया गया कि ये डॉक्चर बिना सूचना के लंबे समय से ड्यूटी से गायब थे। लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इन डॉक्टरों की चली गई सरकारी नौकरी-
डॉ. आशीष कुमार - खगड़िया सदर अस्पताल में सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी पर तैनात रहे, ये 17 सितंबर 2020 से लगातार ड्यूटी से गायब हैं, इनकी सेवा समाप्त कर दी गई है।
डॉ. मोहम्मद फिरदौस आलम- खगड़िया के महेशपुर पीएचसी में तैनात रहे, 4 अप्रैल 2021 से ड्यूटी से अनुपस्थित रहे, इन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. जागृति सोनम- खगड़िया सदर अस्पताल में सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी रहीं, 15 सितंबर 2020 से गायब हैं, इन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. अनामिका कुमारी- लखीसराय सदर अस्पताल में सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी रहीं, 16 सितंबर 2021 से लगातार अनुपस्थित हैं, इन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. अनुपम कुमार- दंत चिकित्सा पदाधिकारी, सीएचसी बरौनी बेगूसराय में तैनात रहे, 21 सितंबर 2020 से अनुपस्थित हैं, इन्हें भी सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. अनुपम कुमारी- विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी (स्त्री रोग) के पद पर लखीसराय जिले के बड़हरिया रेफरल अस्पताल में तैनात रहीं, बीते 9 सालों से यह अपनी ड्यूटी से गायब हैं, इन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त किया गया है।
डॉ. अभिनव कुमार- लखीसराय जिले के नौवा पीएचसी में तैनात रहे, 15 सितंबर 2020 से लगातार अनुपस्थित रहे, बर्खास्त किया गया है।