पार्षद के पुत्र पर महिला से दुराचार करने का आरोप
सीवान की एक महिला ने वार्ड पार्षद के बेटे मो. कजाफी पर दो साल तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने कजाफी द्वारा गाली-गलौज, मारपीट...

बेतिया,एक संवाददाता। सीवान की एक महिला ने वार्ड पार्षद के पुत्र पर दो वर्षों तक शादी का झांसा देकर दुराचार करने का आरोप लगाया है। वह नगर के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। उसने महिला थाना और सदर एसडीपीओ विवेक दीप से इस मामले में शिकायत दर्ज की है। आरोपित बसवरिया वार्ड 19 निवासी मो. कजाफी है। पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात मो. कजाफी से दो साल पहले हुई थी। उसने झूठे प्यार में फंसा कर लगातार यौन शोषण किया। अप्रैल में जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो कजाफी ने मई में शादी का झूठा वादा किया।
नौ मई को महिला उसके घर गई तो वह गाली-गलौज करने लगा। उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसके कपड़े भी फाड़ दिए। धमकी दी कि शिकायत की तो तेजाब से चेहरा बिगाड़ देगा। महिला के शोर मचाने पर लोग जुटे तो कजाफी ने उसको धक्का देकर घर से निकाल दिया। इससे उसकी जान बची। इधर, मो. कजाफी ने आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उसके पिता और वार्ड पार्षद ने कहा कि एक भूखंड को लेकर पैसे के लेनदेन का विवाद था। इसी कारण बदनाम करने के लिए झूठा आरोप लगाया गया है। महिला थाने की थानाध्यक्ष श्यामली कमल ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।