जीविका को सहकारी बैंक बनाने के निर्णय का दीदियों ने किया स्वागत
फोटो : महिला संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया कहा- बैंक के

भागलपुर, वरीय संवाददाता। जीविका को सहकारी बैंक के रूप में स्थापित करने की दिशा में बिहार सरकार के निर्णय की जीविका दीदियों ने सराहना की है। इसके लिए जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार प्रकट किया है। महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान शनिवार को महिलाओं ने कहा कि जीविका को भी एक बैंक के रूप में देखने का महिलाओं का सपना अब पूरा होने वाला है। सरकार के निर्णय से महिलाएं काफी खुश हैं। खरीक प्रखंड के तुलसीपुर गांव में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में पूजा कुमारी ने कहा कि महिलाएं चाहती थीं कि जीविका संकुल स्तरीय संघ को बैंक के रूप में मान्यता मिले।
बुक कीपर के रूप में काम करने वाली पूजा ने कहा कि सरकार ने आज हमारे सपने को साकार किया है। वहीं, पीरपैंती प्रखंड के बंधू जयराम पंचायत में साक्षी जीविका ग्राम संगठन की दीदियों ने भी सरकार के फैसले को सराहा। महिला संवाद कार्यकम में रानी कुमारी ने कहा कि सरकार हमारी मांगों पर गौर कर रही है और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय की साफ-सफाई का काम जीविका सामुदायिक संगठन की दीदियों से कराए जाने के निर्णय से महिलाओं को रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार गोराडीह के सोनोडीह पंचायत में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने भी बिहार सरकार के निर्णय की सराहना की। इसी प्रकार सबौर, जगदीशपुर, कहलगांव, बिहपुर, सुल्तानगंज, शाहकुंड और गोपालपुर प्रखंड की जीविका दीदियों ने भी सरकार के निर्णय की तारीफ की। महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने कहा कि हमारी आकांक्षाओं को अब उम्मीदों के पंख लग गए हैं। क्योंकि सरकार हमारी मांगों को पूरा कर रही है। जिले के 30 ग्राम संगठन में शनिवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब साढ़े छह हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लेकर अपनी बातें रखीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और अपनी मांगों को रखा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।