सुपौल : रामविशनपुर में अज्ञात वाहन की ठोकर से साइकिल सवार मजदूर की मौत, कोहराम
राघोपुर में रविवार रात एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर शंभू दास (40) को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने गुस्से में एनएच 27...

राघोपुर, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के रामविशनपुर एनएच 27 पर रविवार की रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। जिस कारण मजदूर की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना के बाद पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। मृतक की पहचान रामविशनपुर पंचायत वार्ड 3 निवासी शंभू दास (40 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रामविशनपुर पंचायत वार्ड 3 निवासी शंभू दास दैनिक मजदूरी का काम करता था। रविवार की रात वह सिमराही बाजार में किसी जगह काम कर एक साइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था।
इस दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। जिस कारण उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ठोकर की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद किसी ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दिया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। वहीं घटना को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। इस दौरान लोगों ने तकरीबन एक घंटे तक एनएच 27 को बांस-बल्ले के सहारे जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि घटना के बाद फरार हुए वाहन चालक की तत्काल पहचान कर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार के परिजनों को उचित मुआवजा मिले। हालांकि थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझा कर जाम हटाया। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल आवेदन नहीं मिला है। जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उधर, घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।