मधेपुरा: दो दिन बीतने के बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं
घैलाढ़ में बलुआहा पुल के पास शुक्रवार रात को तीन बाइक सवार बदमाशों ने सुपौल जिले के 45 वर्षीय महेश सूतिहार की गोली मारकर हत्या कर दी। महेश अपनी बेटी के घर से लौटते समय बदमाशों के हमले का शिकार बने।...

घैलाढ़, संवाद सूत्र परमानंदपुर थाना क्षेत्र के बलुआहा पुल के पास शुक्रवार की देर रात गोली मारकर सुपौल जिले के युवक की हत्या करने में शामिल बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है। मृतक की पहचान सुपौल जिले के हरदी इटहरी गांव के वार्ड 14 निवासी 45 वर्षीय महेश सूतिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी। बताया गया कि मृतक महेश सूतिहार शुक्रवार को सहरसा जिला के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर गांव अपनी बेटी के घर गया था।
शुक्रवार की रात खाना खाकर करीब 11 बजे वह अपने पुत्र और भांजा के साथ बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहा था। बेटी के घर से निकलने के बाद करीब दो किलोमीटर आगे बढ़ने पर सहरसा- हरदी चौघारा रोड स्थित बलुआहा पुल के निकट पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाश उसके साथ मारपीट करने लगे। इस बीच एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी। दाहीने बांह गोली लगने से महेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद एक बाइक पर सवार होकर बदमाश भाग निकले। बदमाशों के भागने के बाद जख्मी महेश को लेकर उसका पुत्र और भांजा बिना किसी को बताए सुपौल चला गया। सुपौल के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गयी है। घटना में संलिप्त बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।