Bihar Weather: फिर झुलसाएगी भीषण गर्मी, 6 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, इन जिलों में कल आंधी का अलर्ट
मंगलवार से बिहार के मौसम में फिर बदलाव होगा। एक बार फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान है। हालांकि सोमवार को पटना समेत कई जिलों में तेज हवाएं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के 14 जिलों में रविवार को हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। लेकिन, मंगलवार से एक बार फिर गर्मी सताएगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से शनिवार के बीच अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि होगी। इससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। सोमवार को उत्तर-पूर्व भाग के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार जिलों के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। वहीं दक्षिण बिहार के साथ ही उत्तर-पश्चिम एवं उत्तर-मध्य भागों के एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट है।
ज्यादातर शहरों का न्यूनतम पारा चढ़ा
रविवार को पश्चिमी चंपारण के रामनगर में सबसे अधिक 65 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से औरंगाबाद में हवा चली। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में गिरावट आई। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 20.5 डिग्री सेल्सियस के साथ पश्चिमी चंपारण का वाल्मीकि नगर रहा। वहीं सबसे गर्म शहर 37 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास का डेहरी रहा।
पटना में आज ठनका-बारिश के आसार
पटना में सोमवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर ठनका और हल्की बारिश के भी आसार हैं। लेकिन दोपहर में सूरज के तल्ख तेवर रहने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं रविवार को दोपहर बाद राजधानी के मौसम का मिजाज बदल गया। इससे लोगों को गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिली। सुबह से दोपहर तक धूप थी। दोपहर बाद बादल छाने से लोगों को राहत मिली। राजधानी के न्यूनतम तापमान में 0.7 और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 25.6 और अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ