बिहार के युवक की झारखंड में मौत, दोस्त की बारात में गया था; गोली लगने से जान गई
बिहार के गया जी से बारात में गए एक युवक की झारखंड के चतरा में गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारात जब दुल्हन के दरवाजे पर लग रही थी, तभी फायरिंग की गई।

बिहार के गयाजी जिले के रहने वाले एक युवक की झारखंड के चतरा में गोली लगने से मौत हो गई। वह गांव से अपने दोस्त की बारात में चतरा गया था। बताया जा रहा है कि वहां पर फायरिंग होने से उसे गोली लग गई। मामला बुधवार रात का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान इमामगंज थाना क्षेत्र के बरडीह गांव निवासी 19 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। उसकी गर्दन और बाएं हाथ में गोली लगी।
बताया जा रहा है कि इमामगंज के बरडीह गांव से चतरा के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कोचवां गांव में बुधवार को बारात गई थी। रात में जब बारात दरवाजे पर लग रही थी, तभी गोली चल गई। गोली लगने से अभिषेक कुमार की मौत हो गई। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार किया, उनके कब्जे से एक पिस्टल भी जब्त की गई है।
कहा जा रहा है कि गोली मारने वाला शख्स अभिषेक के गांव का ही है। पुलिस ने जिन दो लोगों को अरेस्ट किया है वे बाराती ही हैं। मृतक के परिजन ने शादी में विवाद होने पर अभिषेक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, झारखंड पुलिस ने प्रथमदृष्ट्या इसे हर्ष फायरिंग में मौत का मामला माना है।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम विक्रम कुमार और सुमित कुमार हैं।
(हिन्दुस्तान अखबार और एजेंसी इनपुट के आधार पर)