नालों की सफाई का काम सात प्रतिशत भी नहीं हो सका है पूरा
लहेरियासराय में मानसून के आगमन से पहले नगर निगम नालों की सफाई में पिछड़ गया है। जून का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन केवल सात प्रतिशत सफाई हो पाई है। जलजमाव की आशंका से लोग चिंतित हैं। नगर निगम...

लहेरियासराय। जल्द ही मानसून बिहार में दस्तक देगा। जून माह दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है, इसके बावजूद नगर निगम अब तक सात प्रतिशत भी नालों की सफाई नहीं करा सका है। इस वजह से इस साल भी बारिश होने पर शहर में जलजमाव होने की आशंका है। इस आशंका से शहर के लोग चिंतित हैं। नगर निगम की मानें तो शहर के तीनों जोन में नालों की उड़ाही का काम बीते कई महीनों से चल रहा है। जलनिकासी के लिए सुन्दरपुर बेला रेल फाटक, बेला मोड़, कटहलबाड़ी, दोनार, अललपट्टी, भटवा पोखर और चट्टी चौक स्थित आउटलेट की सफाई तो कर दी गयी, लेकिन उक्त आउटलेट से जुड़ने वाले मुख्य नाले की समुचित सफाई नहीं की गई है जो जलजमाव का मुख्य कारण बनेगा।
इधर, स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट के तहत शहर के कई जगहों पर गड्ढे खोदकर खाई बना दी गई है। इसके कारण नगर निगम को नाला सफाई कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नगर निगम का दावा है कि इस बार जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। मानसून से पूर्व सभी नालों की सफाई काम पूरा करा लिया जायेगा। हर वार्ड में सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया है। सभी सफाई कर्मी दिन-रात काम कर रहे हैं। शहर के नालों की सफाई के लिए नगर आयुक्त ने तीनों जोन प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। मानसून पूर्व सभी नालों की सफाई का पूरा करने को कहा गया है। हालांकि अभी तक सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका है। सफाई कार्य की रफ्तार देखकर लगता है कि मानसून आने तक पूर्ण रूप से नालों की सफाई होना संभव नहीं है। शहर से जलनिकासी के लिए नगर निगम एक बार फिर से दमकल पर आश्रित रहेंगे। शहर के निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए दमकल एकमात्र साधन है। नगर निगम ने 20-25 पंपिंग सेट रिजर्व में रखे हैं। इस बार मानसून समय से पहले आने की संभावना है। इसके बावजूद अब तक निगम की ओर से कोई विशेष व्यवस्था नहीं हुई है। फिर भी निगम का दावा है कि इस बार तैयारी पहले से बेहतर है। जलजमाव से निजात के लिए काम हो रहा है। पूर्व से बेहतर व्यवस्था इस बार की जा रही है। लोगों को जलजमाव से निजात के लिए स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत नाला निर्माण कार्य चल रहा है। -अंजुम आरा, मेयर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।