बाइक से पेट्रोल निकाला, खुद को लगा दी आग; पत्नी के मायके जाने पर पति ने किया आत्मदाह का प्रयास
पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में एक पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज युवक ने बुधवार को अपने ससुराल में पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा दी।

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में पत्नी के बार-बार मायके जाने पर पति ने खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में बुधवार रात में हुई। युवक को जलता देख उसके ससुराल वालों ने आग को बुझा दिया और 112 पुलिस टीम को सूचना दी। डायल 112 की टीम युवक को अस्पताल ले गई। फिलहाल उसका नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
झुलसे युवक की पहचान बगहा निवासी रामबाबू चौधरी (28) के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि युवक अपनी पत्नी के बार बार मायके चले आने से नाराज था। बुधवार को भी उसकी पत्नी अपने पति से झगड़ा करके मायके चली आई थी। रामबाबू अपने पत्नी को मनाने के लिए अपने ससुराल आया। उसने पत्नी को समझाकर उसके साथ वापस चलने को कहा, मगर वह नहीं मानी।
इससे नाराज होकर युवक ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला। पहले उसने बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। फिर शरीर पर भी उसने आग लगा दी। ससुराल वालों ने जैसे युवक को जलते हुए देखा वे दौड़ कर आए। आनन-फानन में उन्होंने आग बुझाकर पुलिस को बुलाया। पुलिस के अनुसार युवक का इलाज किया जा रहा है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई।