रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से महिला वोटरों को किया गया जागरूक
महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती की नींव है, एक वोट-एक जिम्मेदारी", "स्वस्थ पर्यावरण-सशक्त लोकतंत्र" जैसे नारों को उकेरा गया

महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती की नींव है "एक वोट-एक जिम्मेदारी", "स्वस्थ पर्यावरण-सशक्त लोकतंत्र" जैसे नारों को उकेरा गया जहानाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिला प्रशासन के स्वीप कार्यक्रम के तहत बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला जन संपर्क अधिकारी ने कहा कि रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से जब संदेश दिया जाता है तो वह सीधे हृदय तक पहुंचता है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती की नींव है। इस आयोजन में मुख्य रूप से महिलाओं एवं युवतियों की भागीदारी को केंद्र में रखते हुए महिला मतदाताओं में मतदान के महत्व को लेकर व्यापक जनजागरूकता फैलाने का उद्देश्य रखा गया।
इस अवसर पर जीविका दीदियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सेविका, एवं सहायिका की सक्रिय सहभागिता ने इस कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप दिया। उन्होंने महिलाओं से संवाद किया, पर्यावरण संरक्षण एवं मतदान की महत्ता को लेकर प्रेरक संदेश दिए। विशेष रूप से रंगोली एवं मेहंदी जैसी पारंपरिक कलाओं के माध्यम से "एक वोट-एक जिम्मेदारी", "स्वस्थ पर्यावरण-सशक्त लोकतंत्र" जैसे नारों को उकेरा गया, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को गहराई से जोड़ा। प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई, बल्कि प्रतिभागियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने और हर महिला को मतदाता के रूप में पहचान बनाने हेतु प्रेरित किया गया। महिलाओं ने पौधारोपण, मतदाता जागरूकता व सामाजिक भागीदारी को दर्शाते हुए अपनी कलाकृतियों में शानदार रचनात्मकता दिखाई। हालांकि अभी चुनाव आने में कई महीनों की देरी है आयोग अग्रिम रूप से इस दफे मतदाताओं को जागरूक करने की पहल को बढ़ावा दे रहा है। जिले में पिछले कई दिनों से स्वीप अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन इसी तथ्य का प्रमाण है। आने वाले दिनों में जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता को और बल देने की बात कर रहा है। फोटो- 04 जून जेहाना- 22 कैप्शन- शहर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में मतदाता जागरूकता को लेकर पेटिंग बनाती सेविका व अन्य।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।