Achyutanand Kumar Shines in Kabaddi Selected for Indian National Camp बड़हिया के अच्युतानंद का इंडियन कबड्डी कैंप के लिए चयन, Lakhisarai Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsLakhisarai NewsAchyutanand Kumar Shines in Kabaddi Selected for Indian National Camp

बड़हिया के अच्युतानंद का इंडियन कबड्डी कैंप के लिए चयन

बड़हिया के अच्युतानंद का इंडियन कबड्डी कैंप के लिए चयन, नगरवासियों से हर्ष

Newswrap हिन्दुस्तान, लखीसरायWed, 18 June 2025 01:36 AM
share Share
Follow Us on
बड़हिया के अच्युतानंद का इंडियन कबड्डी कैंप के लिए चयन

बड़हिया, एक संवाददाता। नगर परिषद के वार्ड संख्या एक मधुवन निवासी राजेश सिंह के पुत्र अच्युतानंद कुमार ने कबड्डी खेल में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए बड़हिया ही नहीं, पूरे लखीसराय जिला का नाम रौशन किया है। नगर स्थित प्लस टू रामवतार सिंह उच्च विद्यालय में 11वीं कक्षा के छात्र अच्युतानंद का चयन इंडियन कबड्डी कैंप के लिए हुआ है। जो आगामी अक्टूबर माह में आयोजित होगा। कबड्डी के प्रति अच्युतानंद का लगाव आठवीं कक्षा से ही शुरू हो गया था। नगर के उच्च विद्यालय के खेल मैदान में जगदंबा कबड्डी क्लब के कोच शुभम कुमार, विकास कुमार और बंटी कुमार के मार्गदर्शन में इन्होंने नियमित अभ्यास करना शुरू किया।

इसके बाद विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अच्युतानंद ने दसवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान गया में आयोजित अंडर 17 आयु वर्ग की प्रतियोगिता में लखीसराय जिला की ओर से भाग लिया। जहां टीम को तीसरा स्थान मिला। इसके बाद मुंगेर में आयोजित जूनियर स्टेट चैंपियनशिप और दरभंगा में हुई सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिसमें लखीसराय को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। इन्हीं प्रदर्शन के आधार पर अच्युतानंद का चयन देव एकेडमी फतुहा में आयोजित नेशनल कैंप में हुआ था। जिसके बाद गया में आयोजित राज्य स्तरीय स्पर्धाओ के बीच से इंडियन कबड्डी कैंप के लिए चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी बने हैं। ज्ञात हो कि इस चयन में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मंजीत चिल्लर, पूर्व भारतीय खिलाड़ी रोहित कुमार और इंडियन टीम के कोच श्रीनिवास रेड्डी जैसे दिग्गज निर्णायक मंडल में थे। कोच बंटी कुमार ने बताया कि अगर अच्युतानंद ने अक्टूबर में होने वाले इस इंडियन कैंप में भी अपनी प्रतिभा को साबित किया तो इन्हें ईरान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कबड्डी एस्प्रिटी स्पर्धा में भारतीय टीम की ओर से खेलने का मौका मिल सकता है। अपनी सफलता पर अच्युतानंद ने कहा कि यह मेरी मेहनत और कोच व अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। जब सरकार ने मेडल लाओ, नौकरी पाओ की योजना शुरू की, तब से पहले ही मेरा जुनून कबड्डी के लिए शुरू हो गया था। मैं अपने शुरुआती दिनों से ही इस खेल को अपना जीवन मान चुका हूं। कैंप के लिए बिहार से एकमात्र चयनित खिलाड़ी बनने पर पूरे जिले सहित कबड्डी प्रेमियों और आमजन में हर्ष का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि अच्युतानंद आने वाले दिनों में देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर कबड्डी खेलते हुए नजर आएंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।