कमिश्नर के निरीक्षण में मिलीं प्रखंड कार्यालय में खामियां
मिथिला प्रमंडल के कमिश्नर डॉ कौशल किशोर ने झंझारपुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि...
झंझारपुर, निसं। मिथिला प्रमंडल दरभंगा के कमिश्नर डॉ कौशल किशोर सोमवार को झंझारपुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। वे करीब 3:15 बजे प्रखंड कार्यालय पहुंचे और सबसे पहले विभिन्न कमरों में जाकर वहां की स्थिति के साथ ही कामकाज की जानकारी लिया। इसके बाद बीडीओ के कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठकर प्रखंड एवं अंचल के दर्जनों संचिका की जांच की। इस दौरान वे विभिन्न कर्मियों एवं अधिकारियों को निर्देशित भी करते रहे। संचिका का संधारण सही तरीके से नहीं किए जाने से कमिश्नर नाराज दिखे। वह चाहे जनता की समस्याओं से जुड़ा अभिलेख हो या फिर आवास योजना की फ़ाइल कोई भी पंजी तरीके से संधारित नहीं था।
इसके लिए कमिश्नर ने अधिकारी से लेकर कर्मियों को फटकार लगाया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीतकरते हुए कहा कि यहां की कार्य संस्कृति का स्तर काफी बदहाल है। कर्मियों एवं अधिकारियों को अपने कार्य में स्मार्ट बनना पड़ेगा एवं जनता के कार्यों को स्मार्ट तरीके से निपटारा करने की जरूरत है। उन्होंने संचिका संधारण में कई तरह के लापरवाही पाए जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि एक माह बाद वे फिर झंझारपुर आएंगे और अंचल कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। एक माह बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मी व अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीओ प्रशांत कुमार झा से 2019 में प्रलयंकारी बाढ़ में हुए विस्थापितों के बाबत जानकारी ली और उनके पुनर्वास को लेकर समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। कमिश्नर करीब दो घंटे तक प्रखंड में रहने के बाद वापस लौट गए। निरीक्षण के दौरान बीडीओ अभिलाषा पाठक, सीओ प्रशांत कुमार झा, सीडीपीओ कुमारी रजनी एवं आरओ मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।