Bihar Monsoon: अगले 48 घंटे में पूरे बिहार में मॉनसून होगा एक्टिव, 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार तक मानसून का पटना समेत पूरे राज्य में फैलाव हो जाएगा और अगले तीन-चार दिनों तक यह सक्रिय रहेगा। इस दौरान वज्रपात और तेज हवा के साथ ही झमाझम बारिश की संभावना है।

बिहार में मानसून ने दो दिन की देरी से मंगलवार को दस्तक दे दी है। यह राज्य में किशनगंज से प्रवेश किया। इस दौरान भागलपुर, रोहतास, औरंगाबाद, छपरा, अरवल और गया में झमाझम बारिश हुई। इनमें मानसूनी बारिश सिर्फ भागलपुर में हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार तक मानसून का पटना समेत पूरे राज्य में फैलाव हो जाएगा और अगले तीन-चार दिनों तक यह सक्रिय रहेगा। इस दौरान वज्रपात और तेज हवा के साथ ही झमाझम बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिलेगी। किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, बांका और भागलपुर में बारिश हुई। मानसून का प्रसार मुंगेर, जमुई और खगड़िया के कुछ भागों में भी हुआ।
बुधवार को भागलपुर, बांका, जमुई, अररिया, कटिहार एवं पूर्णिया में भारी बारिश की संभावना है। किशनगंज और पश्चिमी चंपारण में अति भारी बारिश के आसार हैं। कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। जानकारी के अनुसार 2024 में मानसून 20 जून को प्रवेश किया था। लेकिन प्रवेश करते ही यह अटक गया था। पूरे बिहार में इसका प्रसार 28 जून को हुआ था।
वहीं 2023 में 12 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद ठहर गया था। 25 जून को पूरे बिहार में मानसून का प्रसार हुआ था। बिहार में मानसून पहुंचने की संभावित तिथि 13 से 15 जून है। लेकिन इस वर्ष 17 जून को मानसून प्रवेश कर गया। इसका 18 जून तक पूरे बिहार में प्रसार होने की उम्मीद है।
वर्ष 2024 में मानसून पांच दिनों की देरी से 20 जून को प्रवेश किया था। इस दौरान सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इस वर्ष दो दिन की देरी हुई है। मानसून के आते ही राज्य में पारा गिरा है। दोपहर बाद पटना सहित ज्यादातर शहरों में बादल छाया रहा। राज्य भर के अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। प्रदेश का सबसे गर्म शहर 40.5 डिग्री सेल्सियस के साथ आरा रहा।
पटना में बुधवार को मानसून प्रवेश करने का अनुमान है। इससे आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। ठनका गिरने की भी संभावना है। इससे पहले मंगलवार को राजधानी में सुबह से दोपहर तक सूरज के तेवर तल्ख रहे। बाद में हवा चली तो राहत मिली। मंगलवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।