भाजपा के प्रदेश संगठन विस्तार से जिले में सभी वर्गों को साधने की कोशिश
मुजफ्फरपुर में भाजपा ने चुनावी वर्ष में बेहतर प्रतिनिधित्व देने के लिए दलित, पिछड़े और अगड़ी जातियों के समीकरण का ध्यान रखा है। बेबी कुमारी और अशोक साहनी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. राजेश...

मुजफ्फरपुर, हिप्र। चुनावी वर्ष में भाजपा के प्रदेश संगठन में जिले को बेहतर प्रतिनिधित्व देकर सभी वर्गों को साधने की कोशिश की गई है। इसमें दलित, पिछड़े व अगड़ी जातियों के समीकरण का पूरा ख्याल रखा गया है। संगठन विस्तार से जिले में सभी वर्गों में राजनीतिक बैलेंस बनाने की कोशिश की गई है। इसका उद्देश्य इन वर्गों के बीच पार्टी की स्थिति मजबूत करना है। जिससे विधानसभा चुनाव में इसका भरपूर लाभ मिल सके। प्रदेश संगठन में जिले से दो उपाध्यक्ष व एक महामंत्री बनाए गए हैं। इसमें बोचहां की पूर्व विधायक बेबी कुमारी व अशोक साहनी को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा डॉ. राजेश वर्मा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाई गईं बोचहां की पूर्व विधायक बेबी कुमारी जिले में एकमात्र दलित महिला चेहरा हैं। वे पार्टी की कद्दावर नेता है। पार्टी के कार्यक्रमों, अपने क्षेत्र व जिले में काफी सक्रिय हैं। उनकी घर-घर तक पहुंच है। वे क्षेत्र में सहजता से उपलब्ध रहती हैं। काफी सरल व सौम्य स्वभाव के कारण महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। भाजपा को भरोसा है कि इनके माध्यम से दलित व महिलाओं को अपने समर्थन में लाने में आसानी होगी। महिलाओं के बीच सहज रूप से घुलमिल जाने के कारण भाजपा इनका उपयोग महिलाओं को संगठन से जोड़ने व आगामी विधानसभा चुनाव में अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए करेगी। अशोक साहनी को भी प्रदेश संगठन में उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे अत्यंत पिछड़े वर्ग से आते हैं। जिले में अत्यंत पिछड़े वर्ग की संख्या व राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्व को देखते हुए उन्हें यह पद दिया गया है। उनके माध्यम से भाजपा जिले में अत्यंत पिछड़े वर्गों को साधने की कोशिश करेगी। साहनी समाज में नए लीडरशिप को उभारना भी भाजपा का उद्देश्य है। इन वर्गों को लेकर विपक्ष की ओर से मिल रही राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए भाजपा ने यह रणनीति अपनाई है। प्रदेश महामंत्री बनाए गए डॉ. राजेश वर्मा की पहचान एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में होती है। पार्टी उनकी इस कुशलता का लाभ उठाना चाह रही है। अगड़े के अलावा सभी वर्गों में उनकी स्वीकार्यता है। इससे उनका उपयोग पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में किया जाएगा। कुल मिलाकर कहा जाए तो भाजपा की नजर जिले के सभी वर्गां के मतदाताओं पर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।