Police Rescue 21-Year-Old Woman from Sex Trafficking in Kishanganj Two Arrested मुशहरी से दो माह पहले निकली महिला किशनगंज के देह व्यापार के अड्डे मुक्त, दो गिरफ्तार, Muzaffarpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsPolice Rescue 21-Year-Old Woman from Sex Trafficking in Kishanganj Two Arrested

मुशहरी से दो माह पहले निकली महिला किशनगंज के देह व्यापार के अड्डे मुक्त, दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर की 21 वर्षीय महिला को किशनगंज के एक देह व्यापार के अड्डे से मुक्त कराया गया। वह हरियाणा जाने के लिए निकली थी। पुलिस ने गुड़िया और लाडली बेगम को गिरफ्तार किया, जबकि संचालिका अंजू देवी फरार...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरMon, 28 April 2025 04:05 AM
share Share
Follow Us on
मुशहरी से दो माह पहले निकली महिला किशनगंज के देह व्यापार के अड्डे मुक्त, दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिध। मुशहरी थाना क्षेत्र के एक गांव से दो माह पहले पति के पास हरियाणा जाने के लिए निकली 21 वर्षीया महिला को पुलिस ने किशनगंज के मछबाड़ा खगड़ा मोहल्ला के देह व्यापार के अड्डे से मुक्त कराया है। पुलिस ने देह व्यापार कराने के आरोप में मछबाड़ा खगड़ा वार्ड-33 की गुड़िया व कटहलबाड़ी की लाडली बेगम को गिरफ्तार किया है। अड्डे की संचालिका व मुख्य सरगना अंजू देवी फरार हो गई। वह गुड़िया की मां है। मां-बेटी मिलकर अड्डा चलाती हैं। इससे दोनों ने कराड़ों की संपत्ति अर्जित कर रखी है।

मुशहरी पुलिस के साथ छापेमारी में किशनगंज नगर थाना की पुलिस भी थी। पुलिस ने देह व्यापार के तीन अड्डों से बंधक बना रखी गईं लगभग दो दर्जन लड़कियों को मुक्त कराया। मुशहरी पुलिस ने गिरफ्तार गुड़िया व लाडली बेगम को रविवार को न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) कनिका शर्मा के कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पीड़िता का सोमवार को कोर्ट में बयान कराया जाएगा।

समस्तीपुर स्टेशन पर चंगुल में फंसी मुशहरी की महिला:

मामले के आईओ व मुशहरी थाने के एसआई अश्विनी कुमार ने बताया कि किशनगंज की अंजू देवी स्टेशन पर पहुंची अकेली लड़कियों व महिलाओं से दोस्ती करती है। फिर विश्वास में लेकर अपने साथ किशनगंज ले जाकर देह व्यापार कराती है। मुशहरी की महिला मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं है। इससे 16 फरवरी को जब वह समस्तीपुर स्टेशन पहुंची तो अंजू के चंगुल में फंस गई। लाडली बेगम ने पुलिस को बताया कि अंजू ने उसे मुशहरी की महिला को सौंपा था। उसे अपने पास रखने के लिए पांच सौ रुपये प्रतिदिन मिलते थे। कुछ दिन बाद उसने महिला को अंजू के अड्डे पर पहुंचा दिया, जहां उससे देह व्यापार कराया जाता था। एक दिन उसी के मोबाइल से मुशहरी की महिला ने अपने परिजन को बंधक बनाए जाने की बात बता दी।

तीन अड्डों पर छापेमारी के बाद मुक्त हुई महिला :

महिला के कॉल करने वाले मोबाइल नंबर व मुखबिरों की सूचना के सत्यापन के बाद 25 अप्रैल की रात किशनगंज नगर पुलिस के सहयोग से मुशहरी पुलिस ने कटहलबाड़ी मोहल्ला में लाडली बेगम के घर छापेमारी की। लाडली ने स्वीकार किया किया कि महिला उसके पास लाई गई थी। पुलिस को वह गुड़िया के पास ले गई। गुड़िया पुलिस को भ्रमित कर बहादुरपुर के एक अड्डे पर ले गई। यहां अन्य लड़कियां तो मिली, लेकिन मुशहरी की महिला नहीं मिली। वापस गुड़िया के घर की सघन तलाशी लेने पर महिला मिली।

कमरे को पार्टीशन कर रखते थे लड़कियों को :

केस के आईओ ने बताया कि किशनगंज नगर थाना के मछबाड़ा खगड़ा मोहल्ले में काफी अंदर में अंजू व गुड़िया का मकान है। मकान के कमरे में छोटा-छोटा पार्टीशन कर लड़कियों को रखा जाता है। वहां से मुक्त कराई गई कई लड़कियां काफी कम उम्र की थी।

महिला के गायब होने पर मां ने कराई थी प्राथमिकी :

मुशहरी की एक महिला ने फरवरी में एफआईआर कराई थी। कहा था कि 16 फरवरी को उसकी 21 वर्षीया बेटी पति से मिलने हरियाणा जाने के निकली पर पति के पास नहीं पहुंची। इसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा है। 24 फरवरी को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसने काल कर बताया कि उसे किशनगंज में एक घर में बंधक बनाया गया है। उसे घर से बाहर नहीं निकलने देते हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।