उतर बंग क्षेत्र में आकर ठिठका मानसून, जिले में हफ्तेभर देरी से आएगा
मुजफ्फरपुर में अगले चार-पांच दिनों तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून का प्रवेश 15 से 20 जून के बीच होने की संभावना है, जबकि वर्तमान में गर्मी और नमी की अधिकता...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में अगले चार-पांच दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी पड़ने के आसार हैं। साथ ही वातावरण में नमी की अधिकता से वाष्पीकरण की गति तेज रहेगी। इस कारण उमस परेशान करेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को इसका पूर्वानुमान जारी किया। पूर्वानुमान के मुताबिक जिले में मानसून के प्रवेश में करीब एक सप्ताह की देरी हो सकती है। उसके बाद झमाझम बारिश के आसार दिख रहे हैं। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले में मानसून का प्रवेश 15 से 20 जून के बीच होने की संभावना है। अभी यह उत्तर बंग इलाके में आकर पिछले एक सप्ताह से रुका है।
हालांकि, इस साल मई में जिस तरह से समय से पहले ही बंगाल की खाड़ी में मानसून का प्रवेश हुआ था, उससे जिले में तीन से चार दिन पहले ही मानसून के प्रवेश की उम्मीद जगी थी। लेकिन, फिलहाल परिस्थितियां प्रतिकूल बनी हुई हैं। हवा का रूख पिछले कुछ दिनों से पछिया रहने के कारण मानसून गति नहीं पकड़ पा रहा है। इस कारण भीषण गर्मी के साथ ही उमस की अधिकता बनी हुई है। रविवार को भी जिले के अधिकतम तापमान में करीब 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान जहां सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक 40 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। वाष्पीकरण की दर भी सामान्य से तीन गुना अधिक 6.5 एमएम तक दर्ज की गई। इससे लोगों के झुलसाने वाली गर्मी के साथ ही उमस का सामना करना पड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।