गया जी से अयोध्या के बीच नमो भारत रैपिड रेल, क्या होगी टाइमिंग और कहां-कहां रुकेगी; जानें
गया जी से सुबह 5:00 बजे प्रस्थान करेगी और 11:00 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी की यात्रा अयोध्या धाम से शाम 05 :00 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11 :00 बजे गया जी जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन में 16 वातानुकूलित कोच हैं जो यात्रियों के आराम को सुनिश्चित करते हैं।

बिहार के गया जी से अयोध्या के बीच नमो भारत रैपिड ट्रेन का परिचालन होगा। रेल यात्रियों को सुविधा के लिए नमो भारत रैपिड रेल ट्रेन में सफर के लिए काफी आरामदायक और रियायती व्यवस्था दी जा रही है। बताया गया कि नमो भारत रैपिड रेल की शुरुआत जल्द हो सकती है। रेल यात्रियों के लिए वातानुकूलित, आरामदायक और तेज सफर का आनंद देने के लिए भारतीय रेलवे की ओर से नमो भारत रैपिड रेल शुरू करने की तैयारी है।
रेल सूत्रों ने बताया कि इस ट्रेन का परिचालन गया जी और अयोध्या के बीच होगा। यह बिहार के लिए दूसरी नमो भारत रैपिड रेल होगी, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क में सुधार करना और यात्रा के समय को कम करना है। गया जी और अयोध्या के बीच 408 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह सेवा सरकार के पर्यावरण अनुकूल परिवहन समाधान प्रदान करने के लक्ष्य के अनुरूप है। इस ट्रेन की खासियत है कि इसमें सभी कोच अनारक्षित होते हैं।
लेकिन, एसी कोच में सफर का आंनद मिलता है। गया जी और अयोध्या के बीच यह ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। गया जी से सुबह 5:00 बजे प्रस्थान करेगी और 11:00 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी की यात्रा अयोध्या धाम से शाम 05 :00 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11 :00 बजे गया जी जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन में 16 वातानुकूलित कोच हैं जो यात्रियों के आराम को सुनिश्चित करते हैं।
इन स्टेशनों पर होगी ठहराव
गया जी से अयोध्या जाने के दौरान इस ट्रेन का ठहराव रफीगंज, सासाराम, डीडीयू, काशी, वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज, अकबरपुर और गोशाईगंज शामिल हैं। अनारक्षित किराया करीब 500 रुपये होने की उम्मीद है। यह 130 किमी प्रति घंटे तक की गति से चलेगी। इससे गया जी और अयोध्या के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि गया जी से काशी होते हुए अयोध्या तक तीन महान तीर्थ स्थल को जोड़ने के लिए शुरू की जा रही नमो भारत रैपिड रेल ट्रेन एक सराहनीय निर्णय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी साधुवाद का पात्र हैं। गया जी के लोगों को रेल क्षेत्र में और बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ग्रैंडकार्ड पैसेंजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन ने कहा कि भारत रैपिड रेल ट्रेन चलने की घोषणा काफी सराहनीय है। गयाजी, काशी और अयोध्या तीनों पौराणिक शहर के बीच में रेल संबंध होना अत्यंत आवश्यक था जो अब पूरा होने जा रहा है।