MI का नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ये रिकॉर्ड देख हार्दिक पांड्या भी चकरा जाएंगे, PBKS उठाना चाहेगा फायदा
हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड अहमदाबाद में कुछ खास नहीं रहा है। यहां खेले 7 मैचों में टीम को 5 में हार का सामना करना पड़ा है। यहां एकमात्र जीत MI को 2014 में मिली थी।

पंजाब किंग्स वर्सेस मुंबई इंडियंस IPL 2025 का क्वालीफायर-2 आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम मंगलवार, 3 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी। PBKS vs MI मैच से पहले मुंबई इंडियंस का अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रिकॉर्ड जान कप्तान हार्दिक पांड्या की धड़कने थोड़ी बढ़ी होंगी। जी हां, मुंबई का रिकॉर्ड इस मैदान पर काफी खराब रहा है। टीम ने यहां खेले 7 में से 5 मैच गंवाए हैं, वहीं एकमात्र जीत जो मुंबई को इस मैदान पर मिली है वो 11 साल पहले 2014 में मिली थी। पंजाब किंग्स क्वालीफायर-2 में इसका फायदा जरूर उठाना चाहेगी।
2014 के बाद से मुंबई इंडियंस कभी अहमदाबाद में नहीं जीती
अहमदाबाद के इस स्टेडियम को पहले मोटेरा स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता था। इस मैदान पर मुंबई इंडियंस को पहली और एकमात्र जीत 19 मई 2014 को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली थी। इस मैच को MI ने 25 रनों से अपने नाम किया था।
नहीं टूट रहा मुंबई इंडियंस की हार का सिलसिला
2014 के बाद मुंबई इंडियंस ने इस मैदान पर 5 मैच खेले हैं और हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। 2015 में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने ही हराया था, वहीं इसके बाद 2023 से मेजबान गुजरात टाइटंस ने लगातार चार बार धूल चटाई है।
लीग स्टेज में पंजाब किंग्स से हारकर आ रही है मुंबई इंडियंस
IPL 2025 लीग स्टेज का अंत होते-होते पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस का आमना-सामना हुआ। तब तक दोनों टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी, मगर टॉप-2 की जंग जारी थी। पंजाब और मुंबई, दोनों के लिए टॉप-2 में जगह पक्की करने के लिए यह मैच जरूरी थी। इस महत्वपूर्ण मैच में PBKS ने MI को धूल चटाई। वहीं पिछले 5 मैचों में भी पंजाब मुंबई से 3-2 से आगे है।