जिले में नहीं है सैनिक कल्याण बोर्ड, उठ रही मांग
नवादा में पूर्व नौ सैनिकों ने पाकिस्तान के साथ युद्ध की तत्परता व्यक्त की और सैनिक कल्याण के लिए सरकार से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी जान भी भारत माता की सेवा में चली जाए तो गर्व होगा।...

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। हम सभी पाकिस्तान के साथ युद्ध में जाने के लिए बेताब हैं। सरकार हमें सबसे पहले मौका दे। पाकिस्तान को धूल चटाने और घुटने टेकने के लिए सभी नौ सैनिक युद्ध के सारे कला-कौशल से पूर्ण हैं। हमें सारी दक्षता हासिल है। भारत माता की सेवा में अगर जान भी चला जाए तो हमें गर्व महसूस होगा। यह बातें पूर्व नौ सैनिकों ने कही। शुक्रवार को आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों ने अपनी भावना का इजहार किया। इस क्रम में उनकी शिकायतें भी उठीं कि जिले में सैनिक कल्याण के लिए कोई पहल नहीं हो पा रही है।
एक अदद बोर्ड का गठन तक नहीं किया जा सका है। पूर्व सैनिकों के संगठन ने इसको लेकर अभियान चला रखा है। अपनी अन्य मांगों के लिए भी पूर्व सैनिक लगातार संघर्ष कर रहे हैं। पूर्व सैनिक संघ के नवादा जिला अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी पेटी ऑफिसर राजेश कुमार निराला ने बैठक में कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने शुक्रवार को सभी पूर्व सैनिक जुटे। संघ कार्यालय कक्ष में बैठक के क्रम में सैनिक कल्याण बोर्ड की मांग पुरजोर तरीके से उठायी गयी ताकि एकजुटता और मंथन संभव हो सके। पूर्व नौसैनिक राजेश कुमार निराला ने बताया कि बैठक में इस बात पर भी जोर रहा कि बिहार सरकार के नौकरी में आरक्षण, अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी होल्डिंग टैक्स माफ, शहीद के परिवारों को बिहार सरकार से 01 करोड़ मुआवजा की घोषणा, हर एक जिला में सैनिक कल्याण बोर्ड व ईसीएचएस की स्थापना भी की जाए। मौके पर अध्यक्ष पूर्व लेफ्टिनेंट जेके सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार पाण्डेय, पूर्व लेफ्टिनेंट सुनील पाण्डेय, पूर्व लेफ्टिनेंट अनिल यादव, पूर्व लेफ्टिनेंट वाईएन राय, अशोक यादव आदि अनेक पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।